फर्स्ट महाकाल इंटरनेशनल फिडे रेटिंग रैपिड शतरंज स्पर्धा की तैयारी हो चुकी है। 21 दिसंबर शनिवार की सुबह 9 बजे इंदौर रोड स्थित निजी स्कूल में इस प्रतियोगिता का शुभारंभ होगा। अखिल भारतीय शतरंज महासंघ और एमपी चेस एडहॉक कमेटी के तत्वावधान में उज्जयिनी शतरंज संघ द्वारा प्रतियोगिता आयोजित की गई है। टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए शतरंज के ग्रांड मास्टर हिमांशु शर्मा सहित देशभर के 300 से अधिक दिग्गज खिलाड़ी आ चुके हैं। शतरंज स्पर्धा के टूर्नामेंट डायरेक्टर डॉ. रवि गोयल और डॉ. एके पाल ने बताया कि स्पर्धा का शुभारंभ के बाद सुबह 10 बजे प्लेयर्स मीटिंग होगी और 11 बजे से शतरंज के कड़े मुकाबलों की शुरुआत होगी। स्पर्धा का निर्णय नौ राउंड में होगा। पहला राउंड शनिवार की सुबह 11 बजे शुरू होगा। दूसरा दोपहर 1 बजे, तीसरा 2.30 बजे, चौथा 4.30 बजे और पहले दिन का अंतिम राउंड शाम 6 बजे शुरू होगा। इसी तरह 22 दिसंबर रविवार को छठे राउंड से स्पर्धा शुरू होगी, जो कि सुबह 10 बजे शुरू होगा। सातवां राउंड दोपहर 12 बजे, आठवां राउंड दोपहर 2 बजे, नौवां और अंतिम राउंड दोपहर 3.30 बजे से शुरू होगा। शतरंज संघ के महावीर जैन ने बताया तैयारी हो चुकी है।


