देश की एकता और अखंडता के प्रतीक हैं सरदार वल्लभ भाई पटेल : संधू

भास्कर न्यूज | अमृतसर प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी और स्वतंत्र भारत के प्रथम गृहमंत्री लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती को समर्पित विशाल ‘एकता पद यात्रा’ निकाली गई। इस पदयात्रा में भाजपा जिलाध्यक्ष हरविंदर सिंह संधू, पूर्व सांसद व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्वेत मलिक, भाजपा पंजाब के सचिव व अमृतसर के एकता पद यात्रा कार्यक्रम के प्रभारी राकेश शर्मा और राकेश गिल विशेष रूप से उपस्थित हुए। यह एकता पद यात्रा हॉल गेट से शुरू होकर गोल हट्टी चौक, बिजली वाला चौक से होती हुई टाउन हॉल स्थित भरावां दा ढाबा के समक्ष संपन्न हुई। इस पद यात्रा में स्कूली बैंड के साथ स्टूडेंट्स और भाजपा कार्यकर्ताओं ने भारत की आन-बान-शान राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के साथ भारत माता की जय के नारों के साथ जनता को देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया। जिला भाजपा प्रधान हरविंदर सिंह संधू ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल ने भारत को ब्रिटिश शासन में आजाद करवाने तथा देश की 562 रियासतों को आज के भारत में विलय करने में अपनी अहम भूमिका निभाई। संधू ने कहा कि अपने अदम्य साहस और संकल्प के साथ राष्ट्र के राजनीतिक एकीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे भारत की एकता अखंडता सुनिश्चित हुई। देश की एकता और अखंडता के प्रतीक कहे जाते लौहपुरुष सरदार पटेल जी का जन्मदिवस राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है। उनको श्रद्धांजली देने तथा जनता को उनके उद्देश्य के प्रति जागरूक करने हेतु इस पद यात्रा का आयोजन किया गया है, जिसका लक्ष्य समाज में एकता और अखंडता का संदेश दिया है। उन्होंने सभी को सरदार पटेल जी के दर्शाए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने गुजरात में सरदार वल्लभ भाई पटेल की 597 फुट दुनिया की सबसे ऊंची मूर्ती बनवाकर उनका सम्मान किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विश्व मंचों से भारत माता की जय और वंदे मातरम का नारा बुलंद करते हैं और आज सारा विश्व भारत की ओर सम्मान से देख रहा है। भारत आज आत्मनिर्भर बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है, जो सरदार पटेल के सपनों की पूर्ति की दिशा में एक मजबूत कदम है। इस अवसर पर डॉ. राम चावला, सुखमिंदर सिंह पिंटू, कुमार अमित, हरजिंदर सिंह ठेकेदार, रीना जेटली, रमा महाजन, जिला महासचिव सलिल कपूर, गुरप्रताप सिंह टिक्का, अजयबीर पाल सिंह रंधावा, जिला उपाध्यक्ष संजय शर्मा, अनुज सिक्का, परमजीत सिंह बतरा, मीनू सहगल, सर्बजीत सिंह शंटी, ओम प्रकाश अनार्य, मोहित महाजन, जसपाल सिंह शंटू, पार्षद गौरव गिल, मनिंदर सिंह ठेकेदार, मनीष शूर, सौरभ कपूर, सन्नी राजपूत, बलविंदर कुमार बब्बा, पवन चावला आदि उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *