जैसलमेर | प्रदेश से बाहर इलाज करवाने वाले जैसलमेर,बाड़मेर व बालोतरा जिले और राजस्थान के लाखों लोगों के लिए राहत भरी खबर है। अब आयुष्मान कार्डधारी परिवार न केवल राजस्थान में बल्कि देशभर के आयुष्मान-मान्यता प्राप्त अस्पतालों में भी 25 लाख रुपए तक का नि:शुल्क इलाज करवा सकेंगे। यह सुविधा 15 दिसंबर से लागू होगी। अब तक यह लाभ केवल दूसरे राज्यों से राजस्थान आने वाले मरीजों (इनबाउंड पोर्टेबिलिटी) को ही मिल रहा था, जो 1 अप्रैल से यहां आयुष्मान कार्ड पर मुफ्त इलाज करवा रहे थे। लेकिन अब राजस्थान के लाभार्थी भी अन्य राज्यों में उपचार करा सकेंगे। इससे जिले से हार्ट, किडनी व अन्य गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए गुजरात और महाराष्ट्र जाने वाले मरीजों को बड़ा फायदा मिलेगा।


