लुधियाना। फ्रेंडशिप करने से मना करने पर युवक ने साथियों समेत अमरपुरा के घर में घुसकर युवती व उसकी नाबालिग बहन से अश्लील हरकतें की और मारपीट भी की। परिवार का आरोप है कि उन लोगों ने उनकी बेटी को जबरन घर से ले जाने की भी कोशिश की। मौके पर पहुंचे युवती के भाई ने बीच बचाव किया तो उन लोगों ने उसे भी पीटा। आसपास के लोगों के इकट्ठा होने पर आरोपी वहां से भाग निकले। लेकिन, जब परिवार मामले की पुलिस को शिकायत देकर लौटा तो आरोपियों ने रास्ते में फिर उन पर पथराव किया। इसमें युवती समेत परिवार के चार लोग घायल हो गए। वारदात का पता चलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। इस मामले को लेकर वीरवार देर रात भी दोनों पक्षों में तनाव हुआ और पथराव हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। अमरपुरा की रहने वाली पीड़ित युवती ने बताया कि मोहल्ले का ही रहने वाला युवक अक्सर उसे परेशान और छेड़छाड़ करता है। वह उसे फ्रेंडशिप करने के लिए कहता है, लेकिन उसने मना कर दिया। उसका कहना है कि बुधवार को उसका परिवार शादी समारोह में गया था। घर पर वह और उसकी नाबालिग बहन अकेली थी। उसने बताया कि तभी आरोपी अपने साथियों समेत वहां आ गया। उन लोगों ने घर में घुसकर उससे व उसकी बहन से अश्लील हरकतें की और उसे जबरन घर से खींचकर ले जाने लगे। तभी उसका भाई आ गया। जब उसके भाई ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसे बुरी तरह पीटा। आसपास के लोगों के इकट्ठा होने पर आरोपी फरार हो गए। पीड़ित का आरोप है कि वह अपने भाई व अन्य परिवार के सदस्यों को साथ लेकर थाना डिवीजन नंबर-2 में गए और इस बारे में शिकायत दी। उसका कहना है कि जब वह शिकायत देकर वापस लौट रहे थे तो आरोपियों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया और ईंटे बरसाईं। इसमें वह, उसकी बहन, भाई और परिवार के दूसरे लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर 2 के इंचार्ज गुरजीत सिंह मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। दोनों पक्षों में पथराव इस मामले में पुलिस अभी जांच कर ही रही थी कि वीरवार रात को फिर वहां पर तनाव हो गया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर जमकर पथराव किया। पथराव का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कुछ लोगों को हिरासत में लिया। इस बारे में थाना डिवीजन नंबर 2 के इंचार्ज गुरजीत सिंह का कहना है कि युवती को जबरन खींचकर ले जाने वाली बात को वेरिफाई किया जा रहा है।


