शाहजहांपुर में एक युवक ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। मरने पहले युवक ने एक वीडियो बनाकर अपने फेसबुक पर अपलोड किया। वीडियो में युवक ने गांव के दो दोस्तों पर धोखा देने का आरोप लगाया। युवक ने अपनी मौत का जिम्मेदार दोनों दोस्तों को ही ठहराया। मरने से पहले युवक ने कहा- इन लोगों ने मुझे बर्बाद कर दिया। मैं क्या करूं? कहां जाऊं? मैं इन दोनों की वजह से सुसाइड कर रहा हूं। भगवान प्लीज इनको सजा देना। मामला सिंधौली थाना क्षेत्र का है। पढ़िए फांसी लगाने से पहले युवक ने वीडियो में क्या कहा… आज हम आपको हकीकत बताने जा रहे हैं। दो लोगों ने मेरे साथ बहुत बड़ा धोखा किया है, मेरे साथ बहुत बड़ा खेल खेला गया। उन दोनों ने मुझसे कहा था कि हम तीनों मिलकर ब्याज पर काम करेंगे। उन्होंने मेरी दुकान पर लोन निकलवा लिया। पहले कहा गया था कि जितना पैसा कमाया जाएगा, वह आधा-आधा बांटा जाएगा, लेकिन उन्होंने मुझे एक रुपया भी नहीं दिया। मैं उनसे पैसे मांगता भी नहीं था, क्योंकि उन्होंने कहा था कि आखिर में हिसाब कर लेंगे। जब मैंने अब हिसाब करने के लिए पैसे मांगे, तो उन्होंने साफ़ कह दिया कि वे कोई हिसाब नहीं करेंगे। फिर उन्होंने कहा कि पहले अपने घर पर लोन निकलवाओ, तभी हिसाब होगा। मैंने मना कर दिया कि मैं घर पर लोन नहीं निकलवा सकता। इसके बाद उन्होंने मुझे जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने मुझे पूरी तरह बर्बाद कर दिया। बताइए, मैं कहां जाऊं, क्या करूं? उन्होंने मुझे कहीं का नहीं छोड़ा। उन्होंने बहुत पैसा कमाया है। कुछ पैसा हमने ब्याज पर उठवाया था, लेकिन जब वह पैसा वापस नहीं मिला, तो उन्होंने मुझसे बीस प्रतिशत ब्याज वसूला। उनका पैसा चुकाने के लिए मैंने बहुत कर्ज लिया और घर के सारे जेवर बेच दिए। उन दोनों ने मिलकर मेरे ऊपर दस लाख रुपए का कर्ज चढ़ा दिया। पीड़ित ने रोते हुए कहा- इन दोनों लोगों की वजह से उसकी जान जा रही है यह मेरी आखिरी वीडियो है। इन दोनों की वजह से मैं ऐसा करने जा रहा हूं। वे लोग कभी मेरे एटीएम से, तो कभी आधार कार्ड के जरिए रुपए निकलवाते थे। इसके मेरे पास सबूत मौजूद हैं। जो भी लोग यह वीडियो देख रहे हैं, उनसे अनुरोध है कि इसे इतना शेयर करें कि उन्हें सजा मिल सके। भगवान, प्लीज इनको सजा देना। मैं मेरे घरवालों से कहना चाहता हूं कि अगर ये लोग कभी पैसे मांगने आएं, तो यह वीडियो संभालकर रखना। पढ़िए विस्तार से….
महुआ पाठक गांव में अजय कुमार (20) अपने पिता ओमकार और मां कामेश्वरी देवी सहित भाई प्रदीप, प्रमोद, संजीव और नीरज, दो बहने विनीता और रामा के साथ रहता था। वह गांव में ही सैलून चलाता था। पिता और भाई खेती बाड़ी करते हैं। गुरुवार को परिवार को लोग एक रिश्तेदार को देखने गए थे। उसका एक्सिडेंट हुआ था। अजय शाम 4 बजे अपने पास वाले खाली मकान में गया। यहां उसने वीडियो बनाया। वीडियो में उसने अपने दोस्त प्रियांशु और पुष्कर का नाम लिया। इसके बाद साड़ी से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। देर शाम जब उसका छोटा भाई नीरज उस मकान की छत पर पहुंचा, तो कमरा अंदर से बंद था। उसने किसी तरह कमरे में झांककर देखा तो अजय का शव फंदे से लटका हुआ था। भाई शव देखते ही चीख उठा। उसकी चीख सुनकर गांव वाले भी वहां इकट्ठा हो गए। गांव के लोगों ने शव को फंदे से उतारा। इसके बाद परिवार को सूचना दी। परिवार के अन्य सदस्यों को लौटने में रात हो गई। जब वो लौटे और अजय का शव देखा, तो घर में कोहराम मच गया। इसके बाद उन्होंने अजय की फेसबुक आईडी चेक की, तो उस पर मरने से पहले अजय द्वारा अपलोड किया गया एक वीडियो मिला। यह वीडियो 8 मिनट 7 सेकेंड का है, जिसमें उसने गांव के दो दोस्तों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। थाना प्रभारी रविंद्र सिंह ने बताया कि युवक ने आत्महत्या की है। सूचना मिलने के बाद वे स्वयं मौके पर पहुंच गए हैं और फोरेंसिक टीम भी पहुंच रही है। घटना के संबंध में परिवार से जानकारी ली जा रही है। ———
ये खबर भी पढ़ें…
कानपुर में डंपर ने युवक को रौंदा, मौत:70 मीटर तक घिसटते गया, परिजनों ने कहा था- बेटे की रंजिश में हत्या की गई कानपुर में डंपर ने युवक को रौंद दिया। पहिए के नीचे फंसा युवक करीब 70 मीटर तक घिसटता चला गया। हादसे का 40 सेकेंड का CCTV वीडियो सामने आया है, जिसमें पूरी घटना कैद हो गई। वीडियो में दिख रहा है कि युवक सड़क पर चलता हुआ अचानक जाम में खड़े डंपर पर चढ़ने की कोशिश करता है। इसी दौरान उसका पैर फिसल जाता है और वह नीचे गिरते ही डंपर के पहियों के नीचे आ जाता है। युवक मदद के लिए जोर-जोर से चिल्लाता है लेकिन इससे पहले कि कोई कुछ कर पाता, डंपर उसे रौंदते हुए आगे बढ़ जाता है। पढ़ें पूरी खबर…


