दोस्त और उसकी गर्लफ्रेंड से परेशान युवक ने जान दी:लखीमपुर में इंस्पेक्टर से बोला- इंसाफ नहीं मिला, थाने में बताया- जहर खा लिया

लखीमपुर में एक युवक ने अपने दोस्त और उसकी गर्लफ्रेंड की धमकियों से परेशान होकर जान दे दी। युवक ने पहले डायल 112 पर फोन कर सुसाइड की धमकी दी थी। एसपी ने एसओ से युवक की बात सुनने लिए कहा। लेकिन युवक एसओ से इंसाफ न मिलने का दावा करता रहा। उसने एसओ से कहा– सुसाइड करने जा रहा हूं। फिर पुलिस और मीडिया जानें क्या करना है। पुलिस युवक को तलाश कर थाने लेकर आई। गेट पर उसने बताया- जहर खा लिया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के बाद उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया। रास्ते में उसकी मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस पर पीटने का आरोप लगाया। मामला भीरा थाना क्षेत्र का है। अब जानिए पूरा मामला… गांव मेड़ई पुरवा निवासी सुजीत मिश्रा (33) के परिवार में पत्नी कामिनी के अलावा उनके 3 बच्चे हैं। बड़ी बेटी अवि (15), प्रज्ञा (12) और बेटा विराट (10) है। सुजीत ने मंगलवार को पहले डायल 112 पर कॉल कर अपनी परेशानी बताई। कार्रवाई न होने पर सुसाइड की धमकी दी। इसके बाद उसने एसपी को भी फोन किया। एसपी के निर्देश पर थानाध्यक्ष रोहित दुबे ने युवक को कॉल किया। उन्होंने खुद मौके पर पहुंचने और कार्रवाई का भरोसा दिया। सुजीत बोला- आरोपी 5 लाख रुपए मांग रहे
सुजीत ने एसओ से कहा– सोनू, गोल्डी धामी और उसकी गर्लफ्रेंड रूबी उसे धमका रहे हैं। उससे 5 लाख रुपए मांग रहे हैं। पहले भी शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। थानाध्यक्ष ने सुजीत को थाने आने के लिए कहा, लेकिन उसने मना कर दिया। सुजीत बार-बार थानाध्यक्ष से पूछता रहा कि वह वास्तव में थानाध्यक्ष ही बोल रहे हैं या कोई और। उसका कहना था, फोन पर बोलने वाले व्यक्ति की आवाज आरोपी गोल्डी धामी जैसी है। सुजीत ने कहा– वह गोल्डी की आवाज पहचानता है और फोन पर वही बोल रहा है। थानाध्यक्ष ने युवक से कहा- वह नंबर को गूगल पर चेक कर ले। किसी गांव के प्रधान को दिखाकर भी तसल्ली कर सकता है। थाने के गेट पर पहुंचते ही बताया- जहर खाया है
डायल 112 की टीम सुजीत को खोजकर थाने ला रही थी। थाने के गेट पर पहुंचते ही सुजीत ने पुलिस को बताया वह जहर खा चुका है। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी। पुलिस ने उसे तत्काल निजी वाहन से बिजुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। बोला- परेशान होकर खाया जहर
CHC में इलाज के दौरान सुजीत ने बताया– कुछ लोग उसे लगातार धमका रहे थे। पुलिस की ओर से भी उस पर दबाव बनाया जा रहा था। इसी से परेशान होकर उसने जहर खा लिया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यहां से लखनऊ ले जाते समय उसकी मौत हो गई। बिजुआ CHC में इलाज के दौरान पुलिस और परिजनों के बहस भी हुई। परिजनों ने जहर देने का आरोप लगाया। पत्नी का आरोप है पुलिस ने गोल्डी और सोनू के कहने पर पति की पिटाई की है। थानाध्यक्ष रोहित दुबे ने बताया– मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है। युवक को पूछताछ के लिए बुलाया गया था, लेकिन वह बार-बार फोन पर आत्महत्या की धमकी दे रहा था। थाने लाते समय उसकी तबीयत बिगड़ गई थी। लखनऊ ले जाते समय उसकी मौत हो गई। आरोपों की निष्पक्ष जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। ——————– ये खबर भी पढ़ें मिर्जापुर में बेटे ने सौतेली मां-भाई की हत्या की:बांके से दोनों का गला काटा; लाश जलाने जा रहा था, रास्ते में पुलिस ने पकड़ा मिर्जापुर में सौतेले बेटे ने मां-भाई की बांके से गला काटकर हत्या कर दी। उसने मां का शव घर से 2 किलोमीटर दूर नहर में फेंक दिया। बाद में वह भाई की लाश को ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लादकर जलाने जा रहा था, तभी बीच तिराहे पर शव ट्रॉली से नीचे गिर गया। पूरी खबर पढ़ें

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *