दोस्त का सिर कुचला, फिर पेट्रोल डालकर आग लगाई:नर्मदापुरम में मां की मौत का बदला लिया; आरोपी को जादू-टोना करने का शक था

नर्मदापुरम के जावली गांव में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। दोस्तों ने युवक को शराब पार्टी के बहाने बुलाकर मौत के घाट उतार दिया। पहले पत्थर से सिर कुचला, फिर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। हत्या की वजह जादू-टोने का शक बताई जा रही है। मुख्य आरोपी को शक था कि युवक की मां ने जादू-टोना करके उसकी मां को मारा है, जिसका बदला लेने के लिए उसने मर्डर की प्लानिंग की। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, इनमें दो नाबालिग (17) हैं। ऐसे रची गई हत्या की साजिश
वारदात 23 दिसंबर की है। मुख्य आरोपी सुशील नागवंशी ने पूरी प्लानिंग के तहत अपने दोस्त चंदन नागवंशी (21) को शराब पार्टी का लालच दिया। सुशील, साहिल और दो नाबालिग दोस्त को बाइक पर बिठाकर जावली से करीब 40 किलोमीटर दूर मिडघाट के घने जंगल में ले गए। रास्ते में उन्होंने माखननगर रोड स्थित शराब दुकान से बियर और शराब की बोतलें भी खरीदीं। जंगल में पहुंचने के बाद पांचों ने शराब पी। जब चंदन पूरी तरह नशे में धुत हो गया, तो सुशील और उसके साथी ने एक भारी पत्थर से उसका सिर कुचल दिया। चंदन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हत्या के बाद आरोपियों ने शव की पहचान मिटाने की कोशिश की। वे 50 रुपए का पेट्रोल लेकर आए और चंदन के शव पर छिड़ककर आग लगा दी। सबूत नष्ट करने के लिए उन्होंने थोड़ी दूर पर चंदन की बाइक को भी आग के हवाले कर दिया। इसके बाद वे वापस गांव आ गए और सामान्य तरह से रहने लगे। ऐसे हुआ हत्या का खुलासा
चंदन 23 दिसंबर से लापता था। परिजनों ने 24 दिसंबर को माखननगर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। एसपी सांई कृष्णा थोटा ने बताया कि पुलिस ने जब जांच शुरू की, तो गांव के लोगों ने चंदन को इन युवकों के साथ जाते हुए देखा था। शुरुआत में पूछताछ करने पर आरोपी पुलिस को गुमराह करते रहे और सहयोग करने का नाटक करते रहे। मोबाइल लोकेशन से पकड़े गए
पुलिस ने जब टेक्निकल एविडेंस खंगाले और सभी आरोपियों की लोकेशन एक साथ मिडघाट के जंगल में मिली, तो सख्ती से पूछताछ की गई। इसके बाद आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर 31 दिसंबर को पुलिस मिडघाट के जंगल पहुंची। वहां चंदन की अधजली लाश और जली हुई बाइक बरामद हुई। एएसपी अभिषेक राजन ने बताया कि शव के पोस्टमॉर्टम के बाद गुरुवार देर रात चारों आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। मां की मौत और अंधविश्वास
पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी सुशील नागवंशी ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि एक महीने पहले उसकी मां की मौत हुई थी। उसे शक था कि चंदन की मां ने उसकी मां पर कोई जादू-टोना (टोटका) किया था, जिसके कारण उनकी जान गई। इसी का बदला लेने के लिए उसने दोस्त को मारने की कसम खाई और साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। गर्लफ्रेंड के साथ जाने की झूठी कहानी बताई
हत्या के मामले का खुलासा करते हुए एसपी साईं कृष्णा थोटा ने बताया कि आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की थी। इसके लिए उन्होंने मृतक चंदन नागवंशी की गर्लफ्रेंड की कहानी बनाई थी। पूछताछ में एक आरोपी ने बताया कि उसने चंदन को पार्टी के लिए फोन किया था। इसके बाद सभी लोग बाइक से बुधनी की तरफ जंगल में पार्टी करने गए। आरोपी ने यह भी कहा कि बुधनी में चंदन की गर्लफ्रेंड मिली थी और वहीं से चंदन उसका मोबाइल बंद कर गर्लफ्रेंड के साथ चला गया। यही बात आरोपी साहिल और अन्य आरोपियों ने भी दोहराई। लेकिन जब पुलिस ने इस कहानी की जांच की और तथ्यों की तस्दीक कराई, तो पूरी बात झूठी निकली।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *