कोटा शहर के नयापुरा थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामला जेडीबी कॉलेज रोड का है, जहां 31 दिसंबर की देर रात एक बाइक बेकाबू हो गई थी। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे तत्काल एमबीएस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन युवक को निजी अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा था। मृतक की पहचान शिवसागर कॉलोनी थेकड़ा निवासी दीपराज सिंह के रूप में हुई है। वह एक निजी बैंक में कार्यरत था। परिजनों के अनुसार, दीपराज 31 दिसंबर की रात अपने दोस्त की बर्थडे पार्टी से घर लौट रहा था, तभी जेडीबी कॉलेज के पास उसकी बाइक बेकाबू होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। मृतक के ताऊ ने बताया कि हादसे की सूचना पुलिस द्वारा दी गई थी। इसके बाद से 31 दिसंबर से दीपराज का निजी अस्पताल में इलाज चलता रहा, लेकिन आज इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। नयापुरा थाना पुलिस ने शव को एमबीएस अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाकर पोस्टमॉर्टम कराया और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया।
घटना को लेकर थाने के एएसआई धनराज ने बताया कि 31 दिसंबर की रात सूचना मिली थी कि जेडीबी कॉलेज के पास एक युवक घायल अवस्था में सड़क पर पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अस्पताल पहुंचाया गया। परिजनों को सूचना दी गई। फिलहाल परिजनों से शिकायत लेकर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।


