पीएम जवाहर नवोदय विद्यालय पावटा, कोटपूतली-बहरोड़ में सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 6 में प्रवेश के लिए परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रवेश परीक्षा में दो जिलों के कुल 6366 विद्यार्थी शामिल होंगे, जिसके लिए 37 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्राचार्य संजू जोशी ने बताया कि ये प्रवेश परीक्षा सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। कुल 37 केंद्रों पर परीक्षा को निष्पक्षतापूर्ण संपन्न कराने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कोटपूतली-बहरोड़ जिले में 12 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें कोटपूतली, बानसूर, बहरोड़, नीमराना, विराटनगर, नारहेड़ा, मोहनपुरा, गोंनेड़ा और पावटा शामिल हैं। इस जिले से 3079 विद्यार्थी परीक्षा में नामांकित हैं। इसी प्रकार, जयपुर जिले में 25 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें सांगानेर, झोटवाड़ा, बस्सी, तूंगा, जमवारामगढ़, चौमू, गोविंदगढ़, शाहपुरा, सांभर लेक, जोबनेर, चाकसू, फागी, किशनगढ़ और दूदू जैसे स्थान शामिल हैं। जयपुर जिले से 3287 विद्यार्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा की निगरानी और सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पुलिस की सहायता ली गई है।


