दो ट्रकों की टक्कर से लगा 12 घंटे का जाम:7 किमी की दूरी तय करने में लगे ढाई घंटे का समय; कुंभ यात्रियों की वजह से बढ़ा ट्रैफिक

शिवपुरी जिले के सुरवाया थाना क्षेत्र में एनएच-27 अमोला घाटी पर रविवार को एक सड़क दुर्घटना ने यातायात व्यवस्था को पूरी तरह से बाधित कर दिया। सुबह 7 बजे हुई इस दुर्घटना में दो ट्रक ओवरटेक करते समय आपस में टकरा गए और फिर एक पत्थर से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़े। इस भीषण हादसे में दो भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि एक ट्रक हेल्पर को मामूली चोटें आईं। दुर्घटना के बाद मार्ग पर लगभग 12 घंटों तक यातायात प्रभावित रहा। जो लगभग शाम 7 बजे के बाद सुचारू हुआ। वर्तमान में कुंभ स्नान के चलते एनएच-27 पर राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रयागराज की ओर जा रहे हैं। यही कारण है कि मार्ग पर पहले से ही भारी यातायात का दबाव था। हालांकि पुलिस ने एक लेन से यातायात शुरू करा दिया था, लेकिन वाहनों की अधिक संख्या के कारण जाम की स्थिति बनी रही। स्थानीय निवासी मोहित गोयल ने बताया कि झांसी जाते समय उन्हें दुर्घटना स्थल पर दो घंटे से अधिक समय तक फंसे रहना पड़ा। एक अन्य स्थानीय निवासी राजीव दुबे ने पुलिस और एनएचएआई पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारू करने में उचित कदम नहीं उठाए गए, जिससे कुंभ यात्रियों सहित सैकड़ों वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मात्र 7 किलोमीटर की दूरी तय करने में लोगों को ढाई घंटे का समय लग गया। सुरवाया थाना प्रभारी अरविन्द छारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन वाहनों की अधिक संख्या के कारण यातायात की गति धीमी रही। टकराने के चलते हाईवे की एक पट्टी पूरी तरह से जाम हो गई थी। दूसरी पट्टी से ट्रैफिक को निकाला गया था। ट्रैफिक अधिक होने के चलते वाहनों को निकलने में समय लग रहा था। आज शाम को दुर्घटना ग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से हटवा दिया गया हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *