उमरिया में दो ट्रक की भिड़ंत हो गई। हादसे में मेटाडोर ट्रक में सवार दंपती और मां-बेटी की मौत हो गई। एक घायल है। हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहन बुरी तरह से पिचक गए। शव ट्रक में फंस गए, जिन्हें निकालने में पुलिस को काफी परेशानी आई। हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया। हादसा पाली थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर गुरुवार सुबह करीब 9 बजे हुआ। मेटाडोर चालक गंभीर घायल है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश कर रही है। ट्रक में चावल और मेटाडोर में बिसलेरी थी
थाना प्रभारी मदनलाल मरावी ने बताया कि ट्रक शहडोल से आ रहा था, इसमें चावल लदा था। वहीं, मेटाडोर ट्रक में बिसलेरी भरी थी। मेटाडोर उमरिया की तरफ से आ रही थी। तभी आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में मेटाडोर चालक नरेंद्र चौधरी (21) गंभीर रूप से घायल है। पार्वती सिंह (47), उनकी बेटी चम्पा सिंह (20), सुदर्शन सिंह (52) और उनकी पत्नी शशिकला (48) की मौके पर ही मौत हो गई। ये सभी पाली से मुदरिया जा रहे थे। एएसपी प्रतिपाल सिंह ने बताया कि दो घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया था। इनमें इलाज के दौरान एक की मौत हो गई। आरटीओ ने फिटनेस रद्द करने के लिए लिखा पत्र
उमरिया आरटीओ संतोष पॉल ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। अनूपपुर आरटीओ को वाहन नंबर एमपी 18 जीए 3025 की फिटनेस और शहडोल आरटीओ को एमपी 18 जीए 5791 की फिटनेस निरस्त करने के लिए पत्र लिखा है। मृतकों के परिजनों को 15 हजार, घायलों को साढ़े सात हजार मुआवजा
सड़क हादसे में घायल मृतकों को राहत मद से 15- 15 हजार की राशि और घायल को साढ़े सात हजार रुपए की राशि दी जाएगी। यह जानकारी पाली एसडीएम टीआर नाग ने दी है।


