दो दिन और रहेगा शीतलहर का दौर:तापमान में वृद्धि लेकिन शीतलहर के कारण सर्दी

दिन और रात के तापमान में पिछले तीन दिन से लगातार इजाफा हो रहा है। लेकिन इसके बाद भी सर्दी कम नहीं हो रही है। इसकी वजह उत्तर-पश्चिम की ओर से आ रही ठंडी हवा को बताया जा रहा है। दो से तीन दिन और मौसम ऐसा ही रहने की संभावना है। सोमवार को रात के तापमान में मामूली इजाफा हुआ है। जबकि दिन का तापमान बढ़कर सामान्य हो गया है। इसके बाद भी सुबह और रात के वक्त हल्की धुंध छा रही है। रात में तो लोग ठिठुरन से परेशान हैं ही। दिन के वक्त भी 6 से 7 किलोमीटर की रफ्तार से ठंडी हवा चलने के कारण तेज सर्दी का अहसास हो रहा है। तेज धूप निकलने के बाद भी सर्दी से राहत नहीं मिल रही है। स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य है। जबकि न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 4 डिग्री कम है। इससे एक दिन पहले रविवार को अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री दर्ज किया गया था। इस लिहाज से रविवार की अपेक्षा सोमवार को अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान में 0.6 डिग्री का इजाफा हुआ है। अगले सप्ताह और तेज होगी सर्दी : मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मंगलवार को भी शीतलहर जारी रहेगी। इसकी वजह उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर मध्य समुद्र तल से 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 240 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से चल रही सब ट्रॉपिकल जेट स्ट्रीम हवा है। इसके अलावा पूर्वी राजस्थान और उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश के ऊपर सक्रिय प्रति चक्रवातीय परिसंचरण है। यह अगले 48 घंटों तक वायुमंडल के निचले स्तरों में उत्तर से आने वाली हवा को प्रभावित करेगा। अगले सप्ताह से सर्दी और तेज होने की संभावना है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *