दो बसों में भीषण आग,एक बस पूरी तरह जली:सरगुजा में फायर ब्रिगेड की टीम ने पाया काबू,सूखे पत्तों में लगी आग बस तक पहुंची

अंबिकापुर के रामानुजगंज रोड पर स्थित संजय पार्क के पास सड़क किनारे खड़ी दो बसों में गुरुवार दोपहर आग लग गई। जब तक फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंची, एक बस पूरी तरह से आग की चपेट में आ गई थी। फायर ब्रिगेड की टीमों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग पास ही लगे ट्रांसफार्मर और सर्किट बोर्ड तक पहुंच गई थी। बस में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, सानिया ट्रेवल्स की दो बसें संजय पार्क के पास सड़क किनारे खड़ी थीं। गुरुवार दोपहर लोगों ने एक बस को जलते हुए देखा तो सूचना बस संचालक और पुलिस कंट्रोल रूम को दी। पुलिस कंट्रोल रूम की सूचना पर नगर निगम के फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड के पहुंचते तक दूसरी बस भी आग की चपेट में आ गई थी। बिजली के तार और पेड़ भी जले
बस में लगी आग इतनी भयावह हो गई कि पास के पेड़ों तक भी आग पहुंच गई और पेड़ जलने लगे। आग से ट्रांसफॉर्मर के तार भी जल गए और सर्किट बोर्ड को भी नुकसान हुआ है। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। बिजली के तारों और पेड़ों में लगी आग को भी बुझा लिया गया। जब तक आग पर काबू पाया गया, एक बस पूरी तरह से जल चुकी थी और दूसरी बस का एक बड़ा हिस्सा जल गया है। आगजनी से बस संचालक को लाखों के नुकसान का अनुमान है। सानिया बस के संचालक रिफत उल्लाह द्वारा बसों का संचालन अंबिकापुर से दिल्ली तक किया जाता है। आग लगने के कारण का पता लगा रही पुलिस
घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस द्वारा आगजनी के कारणों का पता लगाया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि बस काफी समय से वहीं खड़ी की जाती थी। पास में ही ट्रांसफॉर्मर और बिजली का बोर्ड भी है। आशंका है कि बिजली के ट्रांसफॉर्मर या सर्किट बोर्ड में शॉर्ट सर्किट से चिंगारी निकलने के कारण नीचे रखे सूखे पत्तों में आग लग गई, जो फैलकर बस तक पहुंच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पत्तों से होकर आग बस तक पहुंची है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *