दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, एक युवक की मौत:दो गंभीर घायल ग्वालियर रेफर, श्योपुर में परिजनों ने की अस्पताल में तोड़फोड़

श्योपुर के विजयपुर क्षेत्र के छिमछिमा के पास मंगलवार दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है। हादसे में 1 की मौत, 2 घायल मृतक की पहचान दोर्द गांव निवासी जीतू रावत (पिता गोपी रावत) के रूप में हुई है। दूसरी बाइक पर सवार हुल्लपुर निवासी उपेंद्र रावत (24), पिता धर्मवीर रावत और बागरौद निवासी राहुल रावत (20) पिता गिर्राज रावत) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जानकारी के अनुसार, जीतू रावत अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ बाइक से जा रहे थे, तभी सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि जीतू रावत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। गंभीर हालत में 2 युवक ग्वालियर रेफर गनीमत रही कि जीतू रावत की पत्नी और बच्चों को कोई गंभीर चोट नहीं आई और वे सुरक्षित हैं। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। पुलिस को भी हादसे की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा बनाकर जांच शुरू की। गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ जारी है। मृतक के परिजनों ने अस्पताल में किया हंगामा इधर, हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन विजयपुर अस्पताल पहुंच गए। आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा कर दिया। डॉक्टर आर.एस. करण ने बताया कि इस दौरान अस्पताल स्टाफ के साथ झूमाझटकी हुई और कुछ पलंग व कुर्सियां क्षतिग्रस्त कर दी गईं। स्थिति को देखते हुए एसडीओपी राघवेंद्र तोमर और विजयपुर थाना प्रभारी भारत सिंह गुर्जर पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया।
एसडीओपी बोले-मामले की हो रही है जांच एसडीओपी ने बताया कि फिलहाल मृतक का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है और परिजनों को शांत कराया गया है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है और किसी भी तरह की अव्यवस्था को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। सड़क की स्थिति, दोनों वाहनों की रफ्तार और अन्य संभावित कारणों की जांच के बाद ही दुर्घटना के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और ग्रामीणों ने सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *