भास्कर न्यूज | अंबिकापुर प्रतापपुर रोड पर स्थित ग्राम खड़गवां के पास बुधवार दोपहर दो तेज रफ्तार बाइकों के बीच हुई आमने-सामने की भिड़ंत में दोनों चालकों की मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से संजीवनी एंबुलेंस को सूचना दी गई। दोनों घायलों को तत्काल अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पूर्व ही उन्होंने दम तोड़ दिया। अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, मृतकों के पास से फिलहाल ऐसा कोई दस्तावेज बरामद नहीं हुआ है जिससे उनकी पहचान हो सके। पुलिस ने कहा कि दोनों ही चालकों के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जो उनकी मौत का मुख्य कारण बनीं। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर दोनों शवों को मेडिकल कॉलेज की मरच्यूरी (शव गृह) में रखवा दिया है। पुलिस आसपास के थानों और सोशल मीडिया के माध्यम से मृतकों की पहचान करने के प्रयास कर रही है।


