दो मकानों से सोना-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी:गोगुंदा के मेघवाल मोहल्ले में वारदात, मजदूर परिवार की जमा पूंजी ले गए चोर, रो-रोकर बुरा हाल

उदयपुर के गोगुंदा थाना क्षेत्र में बीती देर रात मेघवाल मोहल्ले में अज्ञात चोरों ने तीन सूने मकानों को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर सबसे पहले मोहनलाल पिता मोतीलाल मेघवाल के घर में घुसे। जहां कमरे में रखी तीन लोहे की पेटियों के ताले तोड़ दिए। पेटियों में रखा सामान पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर चोर करीब डेढ़ तोला सोना व पौन किलो चांदी के जेवरात ले गए। साथ ही लगभग 50 हजार रुपए से अधिक की नगदी चुरा ले गए। इस वारदात में पीड़ित मोहनलाल को लाखों रुपये का नुकसान हुआ। सोने का मादलिया, आधा किलो चांदी जेवरात ले गए चोर
दूसरी वारदात मांगीलाल पिता कन्ना मेघवाल में हुई। यहां अलमारी में रखे सोने का मादलिया, करीब आधा किलो से अधिक चांदी के जेवरात, बैग में रखे लगभग 7 हजार रुपए नगद और बर्तन तक चोरी कर ले गए। चोर यहीं नहीं रुके। फिर उन्होंने मोहनलाल के मकान के पास हमेरलाल के घर पर धावा बोला। हालांकि यहां ताला तोड़ने के दौरान आवाज सुनकर आसपास कुछ लोग जाग गए। तभी चोरों को भनक लगी और वे तुरंत फरार हो गए। परिवार पास के मकान में सोया था। चोरों की सूचना मिलते ही पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित मोहनलाल ने गोगुंदा पुलिस को घटना की जानकारी दी। जिस पर पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा और मौका मुआयना किया। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है। मजदूर परिवार की जीवनभर की पूंजी ले गए चोर
पीड़ित मोहनलाल आर्थिक रूप से बेहद कमजोर हैं। वे और उनकी पत्नी मजदूरी कर परिवार का गुजारा करते हैं। वर्षों की मेहनत कर जोड़ी गई जीवनभर की पूंजी चोर ले गए। ऐसे में पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्रवासियों में पुलिस के प्रति बहुत आक्रोश है। उन्होंने पुलिस से प्रभावी गश्त बढ़ाने और चोरी को पकड़कर माल बरामद करने की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *