मतदाता सूची का आज (सोमवार) अंतिम प्रकाशन हुआ। सूची के मुताबिक, जिले में दो महीने के बाद 13 हजार 530 वोटर बढ़ गए हैं। इस बीच सबसे ज्यादा वृद्धि जिले की कम वोटर संख्या वाली विधानसभा मांधाता और हरसूद में सामने आई है। जिले में कुल वोटर का आंकड़ा 10 लाख 23 हजार 191 हो गया है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनूप कुमार सिंह ने प्रेसवार्ता की। बताया कि जिले में मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने का काम हुआ है। चुनाव आयोग के निर्देश अनुसार 6 जनवरी तक कार्यक्रम चलाया गया। दो महीने में 13 हजार 530 नये वोटर जोड़े गए हैं। अब तक की स्थिति में कुल वोटर में महिला और पुरूष की बात करें तो महिला वोटर की संख्या 5 लाख 2 हजार 93 है, जबकि पुरूष वोटर 5 लाख 21 हजार 76 हैं। इधर, नए सर्वे के दौरान मांधाता विधानसभा में 4377 (कुल 2 लाख 24 हजार 184), हरसूद विधानसभा में 4139 (कुल 2 लाख 32 हजार 588), खंडवा विधानसभा में 2666 (कुल 2 लाख 78 हजार 402), पंधाना विधानसभा में 2348 (कुल 2 लाख 88 हजार 17) वोटर हो गए हैं। इसी तरह जिले में कुल मतदान केंद्रों की संख्या 1066 हो गई हैं। सबसे ज्यादा 292 मतदान केंद्र पंधाना विधानसभा में हैं। सर्विस वोटर की संख्या 259 हैं।


