दो युवाओं ने मिलकर खोला कोचिंग सेंटर गरीब परिवार की बेटियों को फ्री में पढ़ा रहे

शिक्षा के बढ़ते खर्च के बीच कवर्धा के दो युवाओं ने गरीब और मध्यम वर्गीय परिवार की बेटियों की पढ़ाई का जिम्मा उठाया है। वर्ष 2019 में समर्पण नाम से कोचिंग शुरू की गई। यहां कक्षा 10वीं-12वीं की छात्राओं को निशुल्क पढ़ाया जाता है। समर्पण निशुल्क कोचिंग के संचालक सूचित बोथरा और दिनेश ठाकुर ने बताया कि बेटियों को अच्छी शिक्षा मिले, इसी सोच से यह पहल की गई। महंगी पढ़ाई के कारण कोई छात्रा पीछे न रह जाए इसलिए समर्पण कोचिंग शुरू की गई। मकसद है कि जिले की बेटियां गणित, विज्ञान और अंग्रेजी में अव्वल आएं। इससे जिले का नाम भी रोशन हो। कोचिंग संचालक सूचित बोथरा पेशे से व्यवसायी हैं। वहीं दिनेश ठाकुर खुद भी एक शिक्षक हैं। निशुल्क कोचिंग सेंटर में बच्चों को कॅरियर गाइडेंस भी दिया जाता है। समय- समय पर पुलिस, प्रशासनिक विभाग के अधिकारी और शिक्षा से जुड़े विशेषज्ञों को बुलाते हैं। वे यहां निशुल्क कोचिंग ले रहे बच्चों का मार्गदर्शन करते हैं। कक्षा 10वीं के बाद कौन सा विषय का चुनाव करें, जिससे उन्हे कॅरियर में मदद मिलेगी। इस पर विस्तार से जानकारी देते हैं। बच्चों की पढ़ाई-लिखाई का खर्च भी खुद संस्था ही वहन करती है। इस प्रकार हर जरूरी सुविधा दी जा रही है। संस्था के बारे में… महंगी शिक्षा के अभाव में बेटियां पढ़ाई से वंचित न हों इसलिए वर्ष 2019 में इसकी शुरुआत की गई थी संस्था का फोकस… जिले की बेटियां गणित, विज्ञान और अंग्रेजी में अव्वल आएं ताकि कबीरधाम का नाम रोशन हो हर वर्ष ओपन स्कूल के अंतर्गत कक्षा 10वीं के छात्रों के लिए भी कोचिंग संचालित की जाती है। साथ ही यह संस्था पीएससी (लोक सेवा आयोग) जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कराती है, जिससे अब तक सैकड़ों विद्यार्थी लाभ उठा चुके हैं। संस्था न केवल पठन-पाठन पर ध्यान देती है बल्कि विद्यार्थियों को स्टडी मटेरियल भी मुफ्त में उपलब्ध करवा रही है। स्पोकन इंग्लिश ​सिखा रहे इस वर्ष ग्रीष्मकालीन अवकाश पर संस्था द्वारा निशुल्क अंग्रेजी ग्रामर और स्पोकन इंग्लिश की कक्षाएं लगाई जा रही है। जिनका उद्देश्य बच्चों व युवाओं को भाषा की बाधा से मुक्त करना है। कक्षाएं पूर्णतः निशुल्क हैं और इसमें अंग्रेजी की प्रसिद्ध शिक्षिका गायत्री साहू द्वारा उच्च गुणवत्ता की शिक्षा दी जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *