भास्कर न्यूज| महासमुंद एसडीएम सरायपाली अनुपमा आनंद के नेतृत्व में अवैध धान भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम शामिल रही। संयुक्त टीम द्वारा समलेश्वरी इंडस्ट्रीज और हिंदुस्तान एग्रोटेक का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान भंडारण स्थल पर उपलब्ध धान की मात्रा एवं संबंधित दस्तावेजों की जांच की गई, जिसमें भंडारण में भारी कमी पाई गई। साथ ही मंडी अधिनियम एवं निर्धारित नियमों का उल्लंघन भी सामने आया। अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन द्वारा मौके पर ही कुल 27200 बोरे धान जब्त किया गया। जब्ती की यह कार्रवाई मंडी अधिनियम के प्रावधानों के तहत की गई। जब्त धान को नियमानुसार सुरक्षित अभिरक्षा में रखते हुए आगे की वैधानिक प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। एसडीएम अनुपमा आनंद ने कहा कि जिले में अवैध धान भंडारण, परिवहन एवं व्यापार पर सतत निगरानी जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यापारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


