भास्कर न्यूज| सरायकेला जिले में नगर निकाय आम निर्वाचन 2026 की घोषणा के साथ ही बुधवार से नगर पंचायत सरायकेला, नगर परिषद कपाली एवं नगर निगम क्षेत्र आदित्यपुर में आदर्श आचार संहिता लागू कर दी गई है। आचार संहिता लागू होते ही संबंधित क्षेत्रों में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है और जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क मोड में आ गया है। बुधवार दोपहर 12 बजे उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत ने जिला समाहरणालय सभा कक्ष में संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नगर निकाय चुनाव की तैयारियों की जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि जिले में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह से तैयार है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक सभी कदम उठाए जा रहे हैं। उपायुक्त ने बताया कि गुरुवार से 4 फरवरी तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। पत्रों की जांच 5 फरवरी को होगी, जबकि 6 फरवरी को नाम वापसी की तिथि निर्धारित की गई है। 7 फरवरी को निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन किया जाएगा। 23 फरवरी की सुबह 7 से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतगणना 27 फरवरी 2026 को प्रातः 8 बजे से प्रारंभ होगी। नगर निकाय चुनाव के लिए आदित्यपुर, कपाली एवं सरायकेला नगर पंचायत तीनों क्षेत्रों का एक ही मतगणना केंद्र सह वज्रगृह काशी साहू कॉलेज, सरायकेला के साइंस ब्लॉक में बनाया गया है। यहां 27 फरवरी को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। सरायकेला नगर पंचायत के लिए 7 मतगणना टेबल लगाए जाएंगे और दो राउंड में मतों की गिनती होगी। आदित्यपुर नगर निगम के लिए 30 मतगणना टेबल होंगे, जहां पांच राउंड में मतगणना की जाएगी, जबकि कपाली नगर परिषद के लिए 8 मतगणना टेबल के माध्यम से 4 राउंड में परिणाम घोषित किए जाएंगे।


