मंदसौर जिले की मल्हारगढ़ पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के एक मामले में दो साल से फरार चल रही महिला आरोपी माया उर्फ चंदा (41) को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देश पर जिले में फरार और वारंटी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान की निगरानी अतिरिक्त एसपी तेर सिंह बघेल कर रहे हैं। अनुभाग स्तर पर राजपत्रित अधिकारियों ने विशेष कार्ययोजना तैयार की थी। एसडीओपी नरेंद्र सोलंकी के निर्देशन में थाना प्रभारी मल्हारगढ़ मोहन मालवीय और उनकी टीम ने सूचना के आधार पर मल्हारगढ़ स्टेशन रोड स्थित मलिन बस्ती से आरोपी महिला को गिरफ्तार किया। माया उर्फ चंदा के खिलाफ अतिरिक्त विशेष न्यायाधीश (एनडीपीएस एक्ट) ने 8 दिसंबर 2023 को स्थायी वारंट जारी किया था। यह वारंट प्रकरण क्रमांक 04/2016, अपराध क्रमांक 43/16, धारा 8/15 और 29 एनडीपीएस एक्ट से संबंधित था। गिरफ्तार आरोपी माया उर्फ चंदा राधेश्याम मोगिया की बेटी है। उसका मूल निवास पाल्यालालमुहा, थाना भावगढ़ में है, जबकि वर्तमान में वह राजस्थान के अजमेर जिले के गोविन्दगढ़, थाना पिसांगंज में रह रही थी। मल्हारगढ़ पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट के तहत फरार आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।


