दो साल से भुगतान के इंतजार में सर्वेयर:लोकल यूथ सहायक पटवारी सर्वेयर संघ ने कलेक्टर से लगाई गुहार, खेतों में जा-जाकर किया था काम

दतिया लोकल यूथ सहायक पटवारी सर्वेयर संघ के बैनर तले जिले के सभी सर्वेयरों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर मंगलवार को कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन संघ के जिलाध्यक्ष शिशुपाल सिंह यादव के नेतृत्व में दिया गया। सर्वेयरों ने बताया कि वे पिछले दो वर्षों से किसानों के खेतों में खड़ी फसलों का सर्वे लगातार कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें समय पर भुगतान नहीं मिला है। जिले में करीब 800 सर्वेयर काम कर रहे हैं, जिनमें से केवल लगभग 250 सर्वेयरों को ही अब तक भुगतान किया गया है। बाकी सर्वेयर अभी भी अपनी मेहनत की राशि का इंतजार कर रहे हैं। सर्वेयरों को नहीं मिला पैसा
संघ ने यह भी बताया कि केंद्र और राज्य सरकार की योजना के तहत किसानों की फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनाने का काम सर्वेयरों ने किया है। इस काम के लिए प्रति आईडी 15 रुपये भुगतान तय है। सरकार ने इस कार्य का बजट कई महीने पहले ही दतिया जिला पंचायत के खाते में भेज दिया था, लेकिन इसके बाद भी सर्वेयरों को भुगतान नहीं किया गया। सर्वेयरों ने एक और समस्या उठाते हुए कहा कि उन्हें खेतों में जाकर सर्वे करना पड़ता है, लेकिन उनके पास कोई पहचान पत्र नहीं है। इससे किसानों को उनकी पहचान समझाने में दिक्कत होती है और कई बार विवाद की स्थिति बन जाती है। यदि प्रशासन उन्हें आधिकारिक आईडी कार्ड जारी कर दे, तो यह परेशानी खत्म हो सकती है। सर्वेयर संघ ने कहा कि वे पहले भी अपनी मांगें प्रशासन के सामने रख चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हुआ है। संघ ने कलेक्टर से जल्द भुगतान कराने और पहचान पत्र जारी करने की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *