सिरोही में शिक्षकों के ट्रांसफर को लेकर ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। शिवगंज तहसील के राडबर गांव में स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल के प्रिंसिपल का ट्रांसफर होने की सूचना पर ग्रामीणों ने स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया। ग्रामीणों का कहना है कि 12 साल बाद मिले प्रिंसिपल का डेढ़ महीने में ही ट्रांसफर कर दिया गया। स्कूल में वरिष्ठ शिक्षक के छह स्वीकृत पदों में से पांच पद रिक्त हैं। इसके अलावा कनिष्ठ सहायक का एक पद और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी का एक पद भी खाली है। इसी तरह पिंडवाड़ा तहसील के कोदरला स्कूल में भी प्रिंसिपल के तबादले के विरोध में ग्रामीणों ने मंगलवार सुबह स्कूल के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया। राडबर गांव के ग्रामीणों ने मांग की है कि चूड़ी में कार्यरत दो पंचायत सहायकों में से एक की नियुक्ति स्कूल में की जाए। साथ ही अन्य रिक्त पदों पर भी जल्द नियुक्तियां की जाएं, ताकि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो। ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर से संपर्क किया, जिन्होंने समाधान का आश्वासन दिया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को हटाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे। उधर, राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल कोदरला के प्रिंसिपल का अजारी गांव में ट्रांसफर होने से ग्रामीणों में काफी ज्यादा आक्रोश फैल गया है। उन्होंने सुबह स्कूल के ताले लगे और जमकर नारेबाजी की। ग्राम वासियों का कहना है कि मोहनलाल चौधरी के कार्यकाल में स्कूल में भीतर सुविधा विकसित हुई और बच्चों की पढ़ाई में भी सुधार हुआ ऐसे में उनका तबादला उचित नहीं है। ग्राम वासियों ने उच्च अधिकारियों से तबादला रोकने की मांग की है छात्रों का कहना है प्रिंसिपल को यथावत रखा जाए, ताकि उनकी पढ़ाई प्रभावित नहीं हो।


