दौरा . आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम की योजनाओं की समीक्षा:नीति आयोग की टीम ने किया बिरबांस पंचायत का दौरा, बच्चों से सीधा संवाद

भास्कर न्यूज | सरायकेला आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के तहत संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति व प्रभावी क्रियान्वयन की मॉनिटरिंग के उद्देश्य से बुधवार को नीति आयोग की टीम ने गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत बिरबांस पंचायत का दौरा किया। इस टीम में नीति आयोग द्वारा नामित केंद्रीय प्रभारी पदाधिकारी सह पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय, भारत सरकार के निदेशक विकास सिंह प्रमुख रूप से शामिल थे। दौरे के दौरान उन्होंने पंचायत स्तर पर चल रही योजनाओं का भौतिक निरीक्षण कर संबंधित पदाधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के क्रम में विकास सिंह ने बिरबांस पंचायत भवन, ज्ञान केंद्र, मध्य विद्यालय बिरबांस व भारत नेट का जायजा लिया। पंचायत भवन में उपलब्ध सुविधाओं और अभिलेखों की समीक्षा करते हुए उन्होंने पंचायत स्तरीय सेवाओं की स्थिति पर संतोष व्यक्त किया। ज्ञान केंद्र में जाकर उन्होंने डिजिटल माध्यम से संचालित गतिविधियों की जानकारी ली व ग्रामीणों को इससे हो रहे लाभ के बारे में पूछा। मध्य विद्यालय बिरबांस के निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों से सीधे संवाद किया। बच्चों से पढ़ाई, मध्याह्न भोजन, पाठ्यसामग्री और शिक्षकों की उपस्थिति के बारे में जानकारी लेते हुए उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई। इसके साथ ही जेएसएलपीएस से जुड़ी सखी दीदियों से बातचीत कर स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से हो रहे कार्यों, आजीविका संवर्धन और महिला सशक्तीकरण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान भारत नेट परियोजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई, जहां ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरनेट कनेक्टिविटी के विस्तार पर चर्चा की गई। इस मौके पर उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, जेएसएलपीएस के डीपीएम छोटे मुर्मू, 15वें वित्त आयोग के को-ऑर्डिनेटर भूपेंद्र महतो, पंचायत सेवक राधा महतो, रोजगार सेवक दिव्या कुमारी, पंचायत की मुखिया सहित प्रतिनियुक्त कर्मचारी शंकर कुमार उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *