दौसा जिले में कई जगह हल्की बूंदाबांदी:दिनभर बादल छाए रहने से नहीं खिली धूप, सर्द हवाओं ने बढाई ठंड; किसानों को मावठ का इंतजार

दौसा जिले में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। यहां रविवार रात से बादल छाने लगे थे, जिनका असर सोमवार को पूरे दिनभर देखने को मिला। जब सूर्यदेव के दर्शन तक नहीं हुए और धूप भी नहीं निकली। साथ में सर्द हवाओं ने तो लोगों को घरों में दुबकने को मजबूर कर दिया। मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार सोमवार को दिनभर मौसम में ठंडक बनी रही। बादल छाने से धूप नहीं खिली तो ठंड ने जोर पकड लिया। जिले के कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई। वहीं तापमान में भी गिरावट का दौर बदस्तूर जारी है। सोमवार को न्यूनतम तापमान 11 डिग्री और अधिकतम 19 डिग्री सेल्सियम रहा। जबकि आगामी सात दिनों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक लुढकने की संभावना है, साथ ही अधिकतम तापमान 20 डिग्री के आसपास रह सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आगामी दिनों में बारिश होने के आसार बने हुए हैं। ऐसे में बादल छाने व बारिश से ठंड का प्रकोप तेजी से बढना तय माना जा रहा है। जिले में एकाएक बदलते मौसम के बीच खेती किसानी की बात करें तो बादल छाने के साथ सर्दी का असर बढ़ना फसलों के लिए फायदेमंद साबित होगा और मावठ होने से सरसों, चना व गेहूं की फसल को संजीवनी मिलेगी। जिन इलाकों में पानी की कमी से सिंचाई नहीं हो पाती, वहां के किसानों को सबसे ज्यादा फायदा होगा। साथ ही सिंचित क्षेत्र में भी मावठ से फसलों में एक बार सिंचाई की बचत हो सकेगी। ऐसे में किसान मावठ का इंतजार कर रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *