दौसा पुलिस ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर अवैध शराब तस्करी पर बड़ा एक्शन लिया है। डीएसटी और बांदीकुई थाना टीम ने शराब से भरे ट्रक को पकड़ा है। पकड़ी गई अवैध शराब पंजाब के पठानकोट से मुंबई ले जाई जा रही थी, लेकिन उससे पहले ही दौसा पुलिस ने एक्सप्रेसवे पर उसे पकड़ लिया। शराब की कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी सागर राणा के निर्देश पर बांदीकुई थाना इंचार्ज जहीर अब्बास और डीएसटी के प्रदीप राव व लोकेश शर्मा सहित उनकी टीम द्वारा बीती देर रात एक्सप्रेसवे पर चावल के कट्टों की आड़ में अवैध शराब की तस्करी करते एक ट्रक को पकड़ा। पुलिस द्वारा ट्रक की तलाशी ली गई तो ट्रक के ऊपर और पीछे की तरफ चावल के कट्टे थे और नीचे शराब के कार्टून भरे हुए मिले। इस पर पुलिस ने ट्रक ड्राइवर को हिरासत में ले लिया। 3 अलग-अलग ब्रांड की अंग्रेजी शराब मिली ड्राइवर से पूछताछ में सामने आया कि वह पंजाब के पठानकोट से शराब मुंबई लेकर जा रहा था। पुलिस ने ट्रक को दौसा सदर थाने में खाली करवाया, जिसमें तीन अलग-अलग ब्रांड की अंग्रेजी शराब के एक हजार से अधिक कार्टून मिले हैं। पकड़ी गई अवैध शराब की अनुमानित कीमत 70 लाख रुपए से ज्यादा आंकी गई है। अब पुलिस इस बात का पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अवैध रूप से शराब तस्करी के इस गिरोह से कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं, जिनकी जानकारी जुटाकर कार्रवाई की जा सके।


