राज्य सरकार के कार्यकाल के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर जिलेभर में ग्रामीण समस्या समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का मौके पर समाधान करने के साथ ही सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया जाएगा। जिले में 23 दिसंबर को विभिन्न उपखंडों और पंचायत मुख्यालयों पर शिविर लगाए जाएंगे। जिला प्रशासन के अनुसार 23 दिसंबर को भू-अभिलेख निरीक्षक वृत्त मुख्यालय गोठड़ा (दौसा), श्यालावास कलां एवं बिवाई (बांदीकुई), कौलाना (बसवा), मानपुर एवं मीना सीमला (सिकराय), खेड़ला बुजुर्ग (महवा), छारेड़ा एवं आलूदा (नांगल राजावतान), डूंगरपुर (रामगढ़ पचवारा) तथा रजवास (लवाण) में ग्रामीण समस्या समाधान शिविर आयोजित होंगे। सुबह 10 बजे से शुरू होंगे शिविर अपर जिला कलेक्टर अरविंद शर्मा ने बताया कि सभी शिविर सुबह 10 बजे से प्रारंभ होंगे। शिविरों में सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे, जो ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनका मौके पर समाधान करेंगे। साथ ही पूर्व में आयोजित शिविरों में पेंडिंग रहे मामलों का निस्तारण भी इन्हीं शिविरों में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शिविरों के दौरान आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ देने के साथ बिजली, पानी, सड़क, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान पर विशेष फोकस रहेगा। 24 दिसंबर को इन स्थानों पर लगेंगे कैंप एडीएम ने बताया कि बुधवार, 24 दिसंबर को रलावता (दौसा), धनावड़ (बांदीकुई), सिकराय (सिकराय), तालचिड़ी (महवा), देवली (लालसोट), नांगल राजावतान एवं पापड़दा (नांगल राजावतान) तथा निजामपुरा (रामगढ़ पचवारा) में ग्रामीण समस्या समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे। 15 जनवरी तक मतदाता पंजीकरण के लिए क्लस्टर कैंप इधर, चुनाव आयोग के निर्देश पर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) प्रक्रिया के तहत दावे एवं आपत्तियों के लिए 15 जनवरी 2026 तक मतदाता एवं नव मतदाता पंजीकरण हेतु क्लस्टर कैंपों का आयोजन किया जा रहा है। इन कैंपों के माध्यम से 18 वर्ष आयु पूर्ण कर चुके युवा मतदाता, महिला मतदाता, विशेष योग्यजन, ट्रांसजेंडर, पीवीटीजी, विमुक्त, घुमंतू एवं अर्ध-घुमंतू जनजातियों सहित सभी पात्र व्यक्तियों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित किया जाएगा। ‘कोई भी पात्र मतदाता न छूटे’ पर जोर जिला निर्वाचन अधिकारी देवेन्द्र कुमार ने बताया कि एसआईआर प्रक्रिया में ‘कोई भी पात्र मतदाता न छूटे’ की संकल्पना के तहत विशेष अभियान चलाया जा रहा है। समाज के वंचित एवं मुख्यधारा से कटे वर्गों को जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। साथ ही 1 जनवरी 2026 के आधार पर 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले नव मतदाताओं के पंजीकरण के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।


