दौसा कलेक्टर देवेन्द्र कुमार ने एसडीएम एवं तहसीलदारों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में राजस्व कार्यों की समीक्षा की और मॉनिटरिंग करते हुए प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने एग्री स्टेक फार्मर रजिस्ट्री, डिजीटल क्रॉप सर्वे गिरदावरी एवं लघु सिंचाई गणना कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी तहसीलदारों को कार्य की गति बढ़ाकर लक्ष्य पूरे करने के निर्देश प्रदान किए। फील्ड में जाकर जल्दी निपटारे करने के आदेश कलेक्टर ने कम प्रगति वाली तहसीलों की समीक्षा कर कारणों पर चर्चा की और विशेष ध्यान देते मिशन मोड पर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पटवारी फील्ड विजिट कर त्वरित गति से कार्य करें और तहसीलदार इस कार्य की प्रभावी मॉनिटरिंग करें। उन्होंने एग्री स्टेक फार्मर रजिस्ट्री में सेव एज ड्राफ्ट एवं अप्रूवल पेंडेंसी का निपटारा एवं अनक्लेम्ड बैकट्स खातेदारों का रजिस्ट्रेशन जल्द करने के निर्देश दिए। एप डाउनलोड कर गिरदावरी करवाने के निर्देश कलेक्टर डिजीटल क्रॉप सर्वे गिरदावरी पर चर्चा करते हुए कहा कि गिरदावरी कार्य गत 1 जनवरी से प्रारम्भ हो चुका है। उन्होंने कार्य की गति बढ़ाने पर बल देते हुए समय पर गिरदावरी पूर्ण करने, गिरदावरी कार्य के लिए सर्वेयर नियुक्त करने, किसानों से स्वयं ऑनलाइन गिरदावरी के लिए एप डाउनलोड करवाने तथा इसका व्यापक प्रचार-प्रसार कर जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन गांवों की गिरदावरी करते समय लोकेशन संबंधी कोई समस्या आ रही हो तो उन ग्रामों में ‘अनेबल टू सर्वे’ ऑप्शन का उपयोग करते हुए गिरदावरी समय पर पूर्ण करवाएं। कलेक्टर ने लघु सिंचाई गणना कार्य में प्रगति लाने तथा ऑनलाइन सीमाज्ञान संबंधी मामलों, सहमति विभाजन के आवेदनों, जियो रेफरेंस शीट की पेंडिंग तरमीमों तथा प्रक्रियाधीन नामांतरणों का शीघ्र निपटारा करवाने के निर्देश दिए।


