दौसा में पानी की टंकी पर चढ़ा शख्स:श्मशान भूमि को लेकर विवाद; लोग बोले- ग्राम पंचायत ने 3 बार NOC दी, फिर भी अतिक्रमण बता रहे

दौसा में श्मशान भूमि को लेकर चल रहे विवाद के बीच रविवार सुबह एक शख्स पानी की टंकी पर चढ़ गया। मामला सिकराय क्षेत्र के रामेड़ा गांव का है। सूचना पर मानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और टंकी पर चढ़े रामकेश योगी से समझाइश कर नीचे उतारने के प्रयास कर रही है। प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे हैं, जहां बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। दरअसल, रामेड़ा गांव में श्मशान भूमि को लेकर दो पक्षों में विवाद चल रहा है। नाथ समाज के लोगों का कहना है कि प्रशासन ने उनके लिए भूमि आवंटित की थी। जिस पर अब तक दर्जनों मृतकों की समाधी हो चुकी हैं। उक्त भूमि पर गांव के ही कुछ लोग जबरन कब्जा करना चाहते हैं। वहीं दूसरा पक्ष श्मशान भूमि को अतिक्रमण बताते हुए हाईकोर्ट के आदेश की पालना में कार्रवाई की मांग कर रहा है। शव लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे थे लोग
रामेड़ा गांव में कई दिन पहले एक महिला की मौत के बाद उसे समाधी के लिए ले जाते वक्त हुए विवाद के बाद लोग शव लेकर दौसा कलेक्ट्रेट पहुंच गए थे। जहां कई घंटे तक विरोध प्रदर्शन के बाद सिकराय एसडीएम और मानपुर डिप्टी एसपी की समझाइश पर मामला शांत हुआ था। उस वक्त लोगों ने प्रशासन पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया था। कार्रवाई की संभावना से रोष
इसके बाद श्मशान भूमि को कथित तौर अतिक्रमण मानते हुए कार्रवाई की आशंका से पहले नाथ समाज के लोगों में रोष व्याप्त हो गया और विरोध पर उतर आए। इनका कहना है कि पूर्व में आवंटित की गई भूमि को अतिक्रमण बताकर जबरन कार्रवाई का प्रयास किया जा रहा है। जबकि दौसा में वार्ता के दौरान प्रशासन ने सकारात्मक आश्वासन दिया था। ऐसे में यदि श्मशान भूमि से छेड़छाड़ हुई तो उग्र आंदोलन को मजबूर होना पड़ेगा। फिलहाल मौके पर विवाद की स्थिति बनी हुई है। पुलिस-प्रशासन के अधिकारी टंकी पर चढ़े शख्स को नीचे उतारने के लिए समझाइश कर रहे हैं। मौके पर मौजूद नाथ समाज के लोग प्रशासन द्वारा पिछले कई दिनों से की जा रही कार्रवाई का विरोध जताते हुए यथास्थिति की मांग पर अड़ा हुआ है। सिविल डिफेंस की टीम को भी बुलाया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *