दौसा जिले में किसी भी समय आपराधिक घटना होने या पुलिस मदद की जरूरत होने पर आमजन तुरंत 112 डायल कर सकता है। इस पर आधुनिक तकनीक से उपकरणों से लेस पुलिस मोबाइल यूनिट वाहन आमजन की मदद के लिए मौके पर पहुंचेगा। शनिवार को एएसपी लोकेश सोनवाल और डिप्टी एसपी रविप्रकाश शर्मा ने 11 वाहनों की पूजा अर्चना के बाद हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन वाहनों के चारों दिशाओं में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, जो अभय कमांड सेंटर से जुड़े हैं। इससे यूनिट वाहन की मॉनिटरिंग अभय कमांड में बैठे अधिकारी देख सकेंगे। इन वाहनों में कैमरे, फर्स्ट एड बॉक्स समेत कई सुविधाएं हैं। वहीं, वास्तविक लोकेशन को ट्रैक किया जा सकेगा। इसके शुरू होने के बाद आम लोगों को थाने के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। एएसपी ने कहा कि स्टेट क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो द्वारा जिले को 11 पुलिस मोबाइल यूनिट आवंटित हुई हैं, जिन्हें थानों के लिए रवाना किया गया है। किसी भी घटनाक्रम की सूचना पर तत्काल रिस्पांस के लिए इसे शुरू किया गया था। इसके लिए पीड़ित को 112 नंबर पर कॉल करना होगा, जिसकी अभय कमांड सेंटर पर ट्रेसिंग होगी। जिसके बाद जीपीएस से सम्बन्धित यूनिट को सूचना मिलते ही तत्काल मदद के लिए पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंचता है। उन्होंने कहा कि यूनिट के वाहन में चारों दिशाओं में चार कैमरे लगे हुए हैं और आपराधिक घटनाओं के नियंत्रण के लिए बेहद उपयोगी वाहन है। हालांकि किसी भी प्रकार की पुलिस मदद के लिए 100 नंबर पर भी सूचना दी जा सकती है, लेकिन तत्काल रिस्पांस के लिए 112 नंबर पर सूचना देनी चाहिए। पीडित द्वारा इस नंबर पर कॉल कर मदद मांगने पर सॉफ्टवेयर के मदद से उसकी आटोमैटिक लोकेशन ट्रेस हो जाती है।


