दौसा में पूर्व विधायक समेत अन्य के खिलाफ FIR दर्ज:सोशल मीडिया पर नाबालिग की पहचान उजागर करने का आरोप, जांच में जुटी पुलिस

दौसा जिले के बालाहेड़ी पुलिस थाने में महुवा के पूर्व विधायक ओमप्रकाश हुड़ला और आजाद समाज पार्टी के प्रदेश सह प्रभारी धर्मेंद्र कुमार जाटव समेत अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। गगवाना निवासी अशोक मीणा की शिकायत में आरोप है कि इन्होंने सोशल मीडिया पर नाबालिग स्कूली छात्राओं की पहचान उजागर की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एफआइआर में बताया है कि थाना क्षेत्र के ही एक गांव निवासी शख्स ने उसकी नाबालिक बेटी से छेड़छाड़ व अश्लील वीडियो दिखाने के सम्बन्ध में पॉक्सो एक्ट में एफआईआर दर्ज कराई थी। जिसमें सरकारी स्कूल के अध्यापक पर नाबालिग छात्राओं से अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया गया था। आरोप है कि 15 दिसंबर को पूर्व विधायक ने सोशल मीडिया पर नाबालिग पीडिता की पहचान उजागर कर दी। इसी प्रकार धर्मेंद्र जाटव ने भी पीड़िता की पहचान उजागर करते हुए सोशल मीडिया पर पूर्व विधायक की पोस्ट को शेयर किया। साथ ही पहचान उजागर करते हुए चार अन्य पोस्ट सोशल मीडिया पर की। इसे लेकर बालाहेड़ी थाना इंचार्ज हनुमान सहाय ने बताया कि सोशल मीडिया पर नाबालिग की पहचान उजागर करने के संबंध में मिली शिकायत पर धर्मेंद्र कुमार एवं पूर्व विधायक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच कर रहे हैं। हुड़ला बोले- मुकदमा पूरी तरह राजनैतिक षड्यंत्र वहीं पूर्व विधायक ओमप्रकाश हुड़ला का कहना है कि मेरे खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा पूरी तरह राजनैतिक षड्यंत्र है। मुकदमें में धर्मेंद्र जाटव की फेसबुक पोस्ट को मेरी फेसबुक वाल से शेयर करना बताया गया है, जिसकी मुझे जानकारी नहीं है। क्योंकि मेरे फेसबुक पेज को स्टाफ द्वारा हैडिंल किया जाता है। फिर भी मेरे फेसबुक पेज से पीड़िता बेटी के सम्बन्ध कोई भी आपत्तिजनक पोस्ट शेयर या अपलोड हुई है तो उसके लिए मैं माफी चाहता हूँ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *