दौसा जिले में कोहरे के साथ बर्फीली हवा का असर तेज होने और कड़ाके की ठंड से लोगों की धूजणी छूट रही है। यहां शाम ढलने के साथ सर्द हवा के जोर पकड़ लेने से ठंड का असर तेज हो जाता है जो कि अगले दिन दोपहर तक बरकरार रहता है। इससे बचाव के लिए लोग घरों में दुबक जाते हैं तो सुबह वक्त अलाव का सहारा लेकर सर्दी से बचाव का जतन करते देखे जा रहे हैं। जिले का न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जबकि अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास स्थिर बना हुआ है। यहां सर्द हवा के तेज होने से पिछले कई दिनों में न्यूनतम तापमान में 2-4 डिग्री और अधिकतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। लोगों का मानना है कि मकर संक्रांति के बाद कडाके की ठंड से राहत मिल सकती है। फसलों को लेकर किसान चिंतित कोहरे के साथ सर्दी बढ़ने को फसलों के लिए फायदेमंद माना जा रहा है। किसानों का कहना है कि कोहरा छाने से फिलहाल पाले का असर नहीं है, ऐसे में गेहूं, जौ और चना फसलों में ग्रोथ आने पैदावार बढ़ेगी। जबकि अगेती सरसों के लिए तेज ठंड का नुकसानदायक हो सकती है। यदि मौसम पूरी तरह साफ रहा तो पाला जमने से नुकसान होगा। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने 9 जनवरी को दौसा समेत 18 जिलों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है।


