राज्य सरकार के कार्यकाल के 2 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित हो रहे कार्यक्रमों के तहत जिला मुख्यालय पर रविवार सुबह ‘रन फॉर विकसित राजस्थान’ एवं ‘संडे ऑन साइकिल’ का आयोजन किया गया। जिसे कलेक्टर देवेंद्र कुमार, एसपी सागर राणा एवं भाजपा जिलाध्यक्ष लक्ष्मी रेला ने हरी झंडी दिखाकर कलक्ट्रेट से रवाना किया। जहां से सोमनाथ सर्किल होते हुए पं. नवल किशोर शर्मा पीजी कॉलेज पहुंचकर दौड़ और साइकिल यात्रा का समापन हुआ। इसका उद्देश्य राज्य सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों एवं उपलब्धियों के प्रति लोगों को जागरूक करने एवं फिट राजस्थान के लिए था। देशभक्ति गीतों की गूंज कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर वादकों ने ‘सारे जहां से अच्छा हिंदुस्तान हमारा…’ धुन का वादन किया। प्रतिभागियों ने हाथों में ‘नव उत्थान नई पहचान, हमारा राजस्थान बढ़ता राजस्थान’ का बैनर लेकर उत्साहपूर्वक दौड़ में भाग लिया। इस दौरान घुड़सवारों ने दौड़ का नेतृत्व किया। साइकिल रैली भी दौड़ में शामिल हुई, जिसमें पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने भी साइकिल चलाकर स्वस्थ एवं फिट रहने का संदेश दिया। इस अवसर पर एएसपी हेमंत कलाल, एडीएम अरविंद शर्मा, नगर परिषद आयुक्त कमलेश मीणा, खेल अधिकारी मनोज कुमार शर्मा, युवा अधिकारी पूनम कुमारी सहित बड़ी संख्या में युवा, स्काउट, शारीरिक शिक्षक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी दौड़ में शामिल हुए। स्वीप प्रभारी रामवीर सिंह चौधरी ने कार्यक्रम का संचालन किया।


