दौसा जिले में लगातार दूसरे दिन घना कोहरा छाया हुआ है। कोहरे के चलते सड़कों पर वाहनों की रफ्तार भी धीमी होने लगी है तो वहीं लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है। दिसंबर का आधा माह पूर्ण होने पर जिले में अब सर्दी शबाब पर आने लगी है। जिले भर में कोहरा दस्तक दे रहा है, जिसके चलते तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। हालांकि सर्दी और कोहरा रबी की फसलों के लिए फायदेमंद है। मौसम विभाग की माने तो आने वाले दिनों में सर्दी के तेवर और तीखे होंगे। जिले में रात्रि का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस है, हालांकि दिन में धूप निकलने से तापमान 25 डिग्री के आसपास स्थिर बना हुआ है। इसके चलते लोगों को सर्दी से दिन में राहत भी मिल रही है। सर्दी से बचाव के लिए लोग गर्म कपड़े और गर्म पेय पदार्थ का इस्तेमाल कर रहे हैं, साथ ही चिकित्सक भी सर्दी से बचने के लिए लोगों से जरूरी हो तो ही घर से बाहर निकलने की सलाह दे रहे हैं।


