दौसा जिले में कड़ाके की ठंड के साथ सर्द हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। साथ ही घना कोहरा छाने से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। दरअसल, जिले में बीते एक सप्ताह से मौसम पूरी तरह साफ होने के साथ कोहरे का असर भी नहीं था, जिसके चलते न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। ऐसे में रविवार को दिन में हल्के बादलों की आवाजाही देखी गई और देर रात फिर से कोहरा छाने लगा। पहले देखें सर्दी से जुडे फोटो… यहां सोमवार सुबह इतना घना कोहरा छाया रहा कि विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम रही। जिसके चलते जिले से गुजरने वाले एक्सप्रेसवे और नेशनल हाईवे समेत अन्य सड़कों पर यातायात प्रभावित हुआ। जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर वाहन फॉग लाइट जलाकर बेहद कम स्पीड़ में गुजरते हुए देखे गए। जबकि मौसम साफ होने के इंतजार में हाईवे किनारे संचालित होटल-ढ़ाबों पर कमर्शियल वाहनों का जमावडा लगा रहा। हालांकि जिले में पिछले कई दिनों से दिन में धूप खिलने से मौसम में सर्दी से राहत है, लेकिन रात में लगातर पारा गिरने से ठिठुरन बनी हुई है। इस साल में रविवार को रात सबसे ठंडी रही है। जब अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम 4 डिग्री रहा है। प्रदेश में दौसा सबसे कम तापमान वाले जिलों में छठे स्थान पर रहा है। वहीं सोमवार को न्यूनतम तापमान 6 डिग्री और अधिकतम 22 डिग्री सेल्सियस रहा। फिलहाल नहीं मिलेगी सर्दी से राहत
मौसम विभाग जयपुर केन्द्र के अनुसार अभी दो दिन जिले में सर्दी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। न्यूनतम तापमान में एक से डेढ़ डिग्री की गिरावट आ सकती है। अगर दिन में चलने वाली शीतलहर रात को थम गई तो पाला पड़ने की आशंका बन रही है, जो सब्जी और सरसों की फसल के लिए नुकसानदायक है।


