दौसा शहर में बीती रात एक जने ने बिजली के खंभे पर चढ़कर करीब 2 घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा किया। घटनाक्रम रात करीब 9 बजे का है, जब एक युवक कोतवाली थाने के पास स्थित हाईटेंशन बिजली के खंभे पर चढ़ गया। इसका पता चलते ही पुलिस ने तुरंत बिजली सप्लाई बंद कराई। इस दौरान युवक ने खतरे की परवाह किए बिना जान जोखिम में डालते हुए हाईटेंशन तारों के बीच झूलने लगा। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोग चकित रह गए। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। डिप्टी एसपी धर्मेंद्र शर्मा और तहसीलदार भी मौके पर पहुंच गए। आनन-फानन में नगर परिषद से सुरक्षा उपकरण मंगवाकर युवक को नीचे उतरने के प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में सिविल डिफेंस की टीम को मौके पर बुलाकर खंभे के नीचे सुरक्षा जाल लगवाया गया। इसके बावजूद वह करीब 2 घंटे तक नीचे नहीं उतरा तो पुलिस-प्रशासन भी पशोपेश में पड़ गया कि उसे नीचे कैसे उतारा जाए। शहर के बीचोबीच 2 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में पुलिस और बिजली विभाग के कर्मचारियों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए युवक की जान बचाने के लिए हरसंभव प्रयास करते हुए रात करीब 11 बजे उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। तब जाकर पुलिस-प्रशासन के साथ स्थानीय लोगों ने राहत महसूस की। थाना इंचार्ज यह बोले… कोतवाली थाना इंचार्ज भगवान सहाय ने बताया कि युवक सुरेश कुशवाह निवासी फतेहपुर यूपी का रहने वाला है। जयपुर से ट्रेन में बैठकर दौसा आया, जिसके कोतवाली थाने के पास स्थित बिजली के खंभे पर चढ़ गया। तुरंत बिजली सप्लाई बंद कराई गई, सिविल डिफेंस की मदद से उसे करीब 2 घंटे बाद नीचे उतर जा सका। पूछताछ करने पर उसने एक बार बताया कि बिजली ठेकेदार ने उसके बकाया रुपए नहीं दिए इससे वह परेशान है, जबकि दोबारा पूछताछ करने पर अलग-अलग बातें बताई। इससे वह प्रारंभिक तौर पर मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत होता है।


