दौसा में नेशनल हाईवे की सर्विस रोड़ से पैदल जा रहे अधेड़ को हाईड्रा क्रेन ने कुचल दिया। दर्दनाक हादसे में अधेड़ की मौके पर ही मौत हो गई। जिसके बाद ड्राईवर क्रेन लेकर फरार हो गया। घटनाक्रम सोमवार को मानपुर चौराहे पर पांचोली गांव के पास जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे की सर्विस लेन में हुआ। जिसके सीसीटीवी में सर्विस लेन में पैदल जा रहे शख्स को तेज स्पीड़ क्रेन टक्कर मारकर जाती हुई दिख रही है। हादसे के बाद मौके पर बड़ी तादात में लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिकराय उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान पांचोली निवासी कैलाश गुर्जर (56) के रूप में हुई है। पैदल घर लौट रहा था, पीछे से टक्कर मारी सीसीटीवी में दिख रहा है कि मृतक कैलाश गुर्जर हाईवे की सर्विस लेन से पैदल अपने घर की ओर जा रहा था। इस दौरान तेज स्पीड क्रेन ने उसे कुचल दिया। हादसा इतना विभत्स था कि अधेड़ का शव बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ग्रामीणों ने लापरवाह क्रेन संचालक पर कार्रवाई की मांग की। रॉन्ग साइड में लापरवाही से संचालन लोगों का कहना है कि मानपुर चौराहे के पास हाईवे किनारे दर्जनों सैंड स्टोन यूनिट संचालित हो रही हैं। जिन पर भारी-भरकम पत्थरों को इधर-उधर ले जाने के लिए दिनभर हाईड्रा क्रेन आदि का सर्विस रोड पर संचालन बना रहता है। आरोप है कि क्रेन संचालक पत्थरों व कलाकृतियों के परिवहन के वक्त लापरवाही से तेज स्पीड में संचालन करते हैं। उन्हें क्रेन पर सामने लटके हुए पत्थरों की ओट में पैदल या दुपहिया वाहन नजर नहीं आते, इससे वे हादसे का शिकार हो जाते हैं। ऐसे में इनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।


