दौसा में 13वीं राज्य स्तरीय फुटबॉल टूर्नामेंट:जयपुर सिटी फुटबॉल क्लब ने बांदीकुई फुटबॉल क्लब को 4-1 से शिकस्त दी, एडीएम ने दिए पुरस्कार

दौसा में श्री जय भवानी स्पोर्ट्स क्लब द्वारा आयोजित 13वीं राज्य स्तरीय फुटबॉल टूर्नामेंट में जयपुर सिटी फुटबॉल क्लब, जयपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बांदीकुई फुटबॉल क्लब को 4-1 से शिकस्त देकर ट्रॉफी अपने नाम की। किला सागर स्थित मैदान में हुए टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में जोश, उत्साह और रोमांच से भरपूर खिताबी मुकाबला खेल प्रेमियों के लिए यादगार बन गया। यहां मैच की शुरुआत से ही जयपुर सिटी क्लब ने आक्रामक तेवर दिखाए। टीम के जर्सी नंबर 86 अनुज शर्मा ने तेज रफ्तार खेल का प्रदर्शन करते हुए पहला गोल दागकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके कुछ ही समय बाद अनुज शर्मा ने दूसरा गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया। हालांकि बांदीकुई फुटबॉल क्लब ने भी हार नहीं मानी और टीम के जर्सी नंबर 6 महिपत ने शानदार गोल करते हुए स्कोर 2-1 कर मुकाबले में नया रोमांच भर दिया। लेकिन जयपुर सिटी क्लब ने तुरंत पलटवार करते हुए जर्सी नंबर 12 रोहित के जरिए गोल दागा और बढ़त 3-1 कर ली। मैच के अंतिम क्षणों में एक बार फिर अनुज शर्मा ने गोल कर हैट्रिक पूरी की और टीम को 4-1 की निर्णायक जीत दिलाई। मैन ऑफ द मैच बांदीकुई फुटबॉल क्लब के महिपत रहे। वहीं मैन ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार जयपुर सिटी फुटबॉल क्लब के अनुज शर्मा दिया गया। दोनों टीमों ने लगाया पूरा दमखम
मैच के आरंभ से ही दोनों ही टीमों की ओर से आक्रमक रुख अपनाया गया। दोनों टीमों की ओर से ताबड़तोड़ हमले किए गए। लेकिन शुरुआत के कुछ देर तक गोल नहीं होने पर खिलाड़ियों ने और आक्रमता दिखाई। फाइनल मुकाबले के बाद मुख्य अतिथि एडीएम अरविंद शर्मा ने विजेता टीम को 11 हजार व उप विजेता को 51 सौ रुपए व ट्राफी भेंटकर सम्मानित किया। स्थानीय प्रतिभाओं को मिलती है पहचान
एडीएम ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित करता है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को बड़ा मंच प्रदान करती हैं। ऐसे आयोजनों से स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान मिलती है और खेल संस्कृति को मजबूती मिलती है। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि कोषाधिकारी रामचरण मीणा, पूर्व पालिकाध्यक्ष सुरेश घोसी, भाजपा के पूर्व शहर अध्यक्ष राजेश शर्मा एवं डिप्टी सीएमएचओ डॉ. दीपक शर्मा भी बतौर अतिथि उपस्थित रहे। अंत में एडीएम अरविंद शर्मा ने ध्वज अवतरण कर प्रतियोगिता के समापन की घोषणा की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *