सरकारी योजनाओं में अपात्र व्यक्तियों को पात्र बनाकर फर्जी तरीके से लाभ दिलाने के मामले में झालावाड़ पुलिस की ओर से चलाए जा रहे ऑपरेशन शटरडाउन के तहत तीन और आरोपियों को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में झालावाड़ सहित प्रदेश भर से अब तक 51 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। इधर, इस मामले में प्रदेश स्तर पर फर्जीवाड़ा का खुलासा होने के बाद यह पूरा मामला अब झालावाड़ एसपी अमित कुमार की अनुशंषा पर एसओजी को सौंप दिया गया है। इस पूरे मामले में अब आगे की जांच एसओजी करेगी। एसपी अमित कुमार ने बताया कि ऑपरेशन शटरडाउन के तहत पुलिस लगातार कार्रवाई कर बदमाशों को दबोच रही है। शुक्रवार को इस मामले में नीरज कुमार (25) पुत्र राजेंद्र प्रसाद, दौसा, जितेंद्र कुमार (25) पुत्र रामेश्वर प्रसाद मानपुर, दौसा और विष्णु कुमार (23) पुत्र कालूराम ढाणी ठाकरांसाला, दौसा को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि इंटरनेट का उपयोग करने के लिए गिरोह को मोबाइल नंबरों के सिम कार्ड उपलब्ध कराने का आरोप है। पुलिस ने इनके पास से सिम कार्ड और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार तीनों आरोपी तीन दिन की पुलिस हिरासत में हैं। डिजिटल फुट प्रिंट का पीछाकर आरोपियों तक पहुंची पुलिस एसपी ने बताया कि पुलिस ने डिजिटल फुटप्रिंट का पीछा किया। तब जाकर अपराध में प्रयुक्त होने वाले सिम कार्ड और मोबाइल की बरामदगी हो पाई। इसके लिए साइबर कंट्रोल रूम की टीम के अलावा खानपुर, सुनेल और दौसा की पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।


