बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के जीटी रोड पर रविवार देर रात उस समय अफरातफरी मच गई, जब असली किन्नरों ने नकली किन्नरों की जमकर पिटाई कर दी। आरोप है कि ये नकली किन्नर बीते कई दिनों से राहगीरों और वाहन चालकों से लूटपाट व छिनतई की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। झारखंड प्रदेश किन्नर बोर्ड की धनबाद जिला सदस्य श्वेता किन्नर दर्जनों साथियों के साथ बरवाअड्डा पहुंचीं। असली किन्नरों को देखते ही नकली किन्नर घबराकर भागने लगे और कुछ होटल व ढाबों में छिप गए। लेकिन उन्हें पकड़कर बाहर निकाला गया और जमकर पीटा गया। इस दौरान जीटी रोड पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। असली किन्नरों को लगातार मिल रही थी शिकायतें श्वेता किन्नर ने बताया कि स्थानीय लोगों से शिकायत मिल रही थी कि कुछ युवक नकली किन्नर बनकर जीटी रोड के किसान चौक, पंडुकी और खरनी मोड़ पर राहगीरों व ट्रक चालकों से वसूली कर रहे थे। कई मामलों में ये लोग राहगीरों से मोबाइल फोन और रुपए भी छीन लेते थे। इससे असली किन्नर समाज की छवि धूमिल हो रही थी। रात में सजधज कर निकलते थे नकली किन्नर जानकारी के अनुसार, नकली किन्नरों का मुख्य ठिकाना किसान चौक से जोड़ापीपल और लोहार बरवा इलाके के बीच बताया जा रहा है। यहां स्थित पेट्रोल पंप के आसपास रात होते ही दर्जनों युवक किन्नरों का वेश धारण कर पहुंचते और राहगीरों को परेशान करने लगते। खासतौर पर बस पकड़ने वाले यात्रियों और ट्रक चालकों को ये लोग अपना शिकार बनाते थे। श्वेता किन्नर ने बताया कि पकड़े गए नकली किन्नर वास्तव में पुरुष हैं, जो नकली बाल और मेकअप का सहारा लेकर किन्नरों की तरह सजते-संवरते थे। इसके बाद राहगीरों से ठगी और अपराध की घटनाएं करते थे। असली किन्नरों ने पुलिस से इन पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शुरू की जांच इस मामले में बरवाअड्डा थाना प्रभारी रजनीकांत पांडेय ने बताया कि पकड़े गए सभी लोगों को थाना बुलाया गया है। मामले की जानकारी ली जा रही है और लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हुई है।


