धनबाद के सरायढेला थाना क्षेत्र के ऐट लेन में स्थित श्रीराम बर्तन शॉप एंड ज्वैलर्स में रविवार रात चोरी की बड़ी वारदात हुई। अज्ञात चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर भीतर प्रवेश किया और लाखों रुपए के कीमती जेवरात और चांदी के सामान लेकर फरार हो गए। चोरी की यह घटना सोमवार सुबह सामने आई, जब दुकान के संचालक को इसकी सूचना मिली। दुकान मालिक ने संचालक को किया फोन दुकान संचालक धनंजय पाल को सोमवार सुबह दुकान मालिक ने फोन कर चोरी की जानकारी दी। वे जब मौके पर पहुंचे तो देखा कि शटर टूटा हुआ था और दुकान के अंदर सारा कीमती सामान गायब था। उन्होंने तुरंत सरायढेला थाना में चोरी की लिखित शिकायत दर्ज कराई। धनंजय पाल ने बताया कि चोरों ने करीब दो किलो चांदी के जेवरात और कुछ सोने की बिछिया चोरी कर ली। चोरी हुए सामानों में पायल, ब्रेसलेट, कड़ा, बिछिया, चांदी के सिक्के और अन्य कीमती वस्तुएं शामिल थीं। अनुमान है कि चोरी गए सामानों की कुल कीमत लगभग तीन लाख रुपए है। दो महीने पहले शुरू की थी दुकान उन्होंने आगे बताया कि उन्होंने यह दुकान महज दो महीने पहले ही शुरू की थी। दुकान में अभी सीसीटीवी कैमरे नहीं लगाए गए थे। रविवार की शाम वह रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। रात में ही चोरी की यह वारदात हुई। सूचना मिलने पर सरायढेला पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की है ताकि चोरों की पहचान की जा सके। स्थानीय लोगों में इस चोरी की घटना के बाद भय और नाराजगी का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों की गिरफ्तारी की जाएगी।


