धनबाद के बलियापुर थाना क्षेत्र के आमटाल मोड़ पर बीती रात चोरों ने बेखौफ होकर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने एक के बाद एक तीन दुकानों को निशाना बनाते हुए शटर तोड़कर नकदी और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरों की इस हरकत के शिकार परी ज्वेलर्स सहित दो हार्डवेयर दुकानें हुई हैं। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। एक ही स्थान पर लगातार तीन दुकानों में चोरी से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ज्वेलरी दुकान से चांदी के आभूषण, हार्डवेयर से नकदी गायब जानकारी के अनुसार, चोरों ने परी ज्वेलर्स का शटर तोड़कर दुकान में रखे चांदी के सिक्के, पायल, पेन, चेन सहित अन्य आभूषण चुरा लिए। चोरी गए गहनों की कीमत करीब 40 से 45 हजार रुपए बताई जा रही है। वहीं, पास की दो हार्डवेयर दुकानों से गल्ले में रखे करीब 4 से 5 हजार रुपए नकद चोरी कर लिए गए। इस तरह कुल मिलाकर 50 हजार रुपए से अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। दुकानदारों का कहना है कि चोरों ने बेहद सुनियोजित तरीके से चोरी को अंजाम दिया है। सीसीटीवी में कैद हुए चोर, पुलिस जांच में जुटी सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि दो चोर देर रात आमटाल मोड़ पर पहुंचते हैं और बिना किसी डर के दुकानों के शटर तोड़कर अंदर घुस जाते हैं। सुबह जब स्थानीय लोगों ने टूटे शटर देखे, तो दुकानदारों को सूचना दी गई। दुकानदार मौके पर पहुंचे तो सामान और नकदी गायब देख बलियापुर थाना को जानकारी दी। सूचना मिलते ही बिलगाड़िया टीओपी से पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर चोरों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर मामले का खुलासा किया जाएगा।


