धनबाद जिले की हरिहरपुर पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक सक्रिय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 11 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरोह में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में बाघमारा एसडीपीओ पुरुषोत्तम कुमार ने प्रेसवार्ता कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अपराध नियंत्रण और वाहन चोरी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 24 जनवरी को हरिहरपुर थाना क्षेत्र के बरवाडीह चेकपोस्ट के पास वाहन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रोका गया। जब उससे बाइक के कागजात मांगे गए तो वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में चोरी की बात कबूली पुलिस द्वारा सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने बाइक चोरी की बात स्वीकार कर ली। उसने अपना नाम राहुल सिंह, पिता गुलाब सिंह, निवासी कोरकोटा, थाना हरिहरपुर बताया। पूछताछ के दौरान राहुल ने खुलासा किया कि वह अपने साथी शिव कुमार सोनारडीह ओपी क्षेत्र के साथ मिलकर बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। दोनों मिलकर अलग-अलग थाना क्षेत्रों से मोटरसाइकिलें चोरी करते और फिर उन्हें विभिन्न स्थानों पर बेच देते थे। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने सोनारडीह ओपी क्षेत्र, हरिहरपुर थाना क्षेत्र समेत अन्य इलाकों में छापेमारी की। 11 बाइक बरामद, संयुक्त टीम की कार्रवाई पुलिस की छापेमारी में कुल 11 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों में राहुल सिंह और शिव कुमार शामिल हैं। एसडीपीओ पुरुषोत्तम कुमार ने बताया कि इस पूरे अभियान में हरिहरपुर थाना प्रभारी राहुल झा, सोनारडीह ओपी प्रभारी, सर्किल इंस्पेक्टर सहित एक संयुक्त पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगेगा। फिलहाल दोनों आरोपियों से आगे की पूछताछ की जा रही है।


