झारखंड-पश्चिम बंगाल सीमा पर वन्य जीवों के अंगों की तस्करी का एक बड़ा मामला सामने आया है। पश्चिम बंगाल वन विभाग की आसनसोल टेरिटोरियल रेंज ने दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से लुप्तप्राय सांभर हिरण के तीन किलोग्राम सींग और सात पेंगोलिन के स्केल बरामद किए गए हैं। चलबलपुर के एक मैरेज हॉल में ठहरे हुए थे गिरफ्तार आरोपियों में बोकारो जिले के तिरला थाना क्षेत्र के बारीदारी गांव का 54 वर्षीय गणेश प्रसाद और धनबाद जिले के निरसा थाना क्षेत्र के केलियाशोल कांतजानी का 45 वर्षीय सुकुमार बाउरी शामिल हैं। वन विभाग की स्पेशल टास्क फोर्स को गुप्त सूचना मिली थी कि तस्कर नियामतपुर के पास चलबलपुर के एक मैरेज हॉल में ठहरे हुए हैं। रेंज ऑफिसर तमालिका चंद के नेतृत्व में टीम ने छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। जांच में पता चला है कि ये तस्कर पहले भी वन्य जीवों की तस्करी में संलिप्त रहे हैं। आरोपियों के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई किया गया है।


