धनबाद में तीन मंजिला मकान में भीषण आग:घर में सो रहे थे 15 लोग, दो की जलकर मौत, छह झुलसे, मरने वाले नानी-नाती

धनबाद के सरायढेला थाना क्षेत्र अंतर्गत विकास नगर में सोमवार की देर रात एक तीन मंजिला मकान में अचानक आग लग गई। हादसे में दो लोगों की जलकर मौत हो गई। छह अन्य लोग झुलस गए। मृतकों की पहचान 22 वर्षीय प्रशांत कुमार उर्फ गोलू और उनकी 70 वर्षीय नानी चिंता देवी के रूप में हुई है। घटना के वक्त मकान में कुल 15 लोग मौजूद थे, जिनमें से कई लोग बाल-बाल बच गए। जानकारी के अनुसार, आग सबसे पहले मकान के प्रथम तल पर लगी। कुछ ही देर में पूरे घर में घना धुआं भर गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। प्रथम तल पर आठ लोग सो रहे थे, जबकि दूसरे तल पर तीन और तीसरे तल पर चार लोग मौजूद थे। धुएं के कारण लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी और चीख-पुकार शुरू हो गई। पटना से नानी के घर आया था प्रशांत हादसे में मरने वाला प्रशांत कुमार उर्फ गोलू 15 दिन पहले ही पटना से धनबाद अपनी नानी चिंता देवी के घर आया था। हादसे की रात वह भी प्रथम तल पर सो रहा था। आग की चपेट में आने से वह और उनकी नानी गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल ले जाने से पहले ही उनकी मौत हो गई। आग लगते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने व लोगों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। हालांकि, धुआं इतना अधिक था कि रेस्क्यू में काफी दिक्कत हुई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान दूसरे और तीसरे तल पर मौजूद कुछ लोग किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि चिंता देवी अपने कमरे में हीटर चलाकर सो रही थीं, जिससे शॉर्ट सर्किट हुआ और आग भड़क गई। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। हादसे में प्रथम तल पर सो रहे छह लोग भी झुलस गए। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य घायलों का भी इलाज चल रहा है। सरायढेला थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *