धनबाद स्थित झरिया थाना क्षेत्र के भगतडीह परसाटांड़ निवासी 50 वर्षीय सुबोध कुमार सिन्हा का शव गोविंदपुर थाना क्षेत्र के कालाडीह पुलिया के नीचे से बरामद किया गया है। वो तीन दिनों से लापता थे। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। सुबोध कुमार पेशे से कोयला लोडर थे और ट्रक लोडिंग का काम करते थे। इधर, परिजनों ने इसे सामान्य मौत मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनके अनुसार, सुबोध कुमार सिन्हा 22 दिसंबर की सुबह करीब 7 बजे अपने घर से निकले थे। वे गोविंदपुर थाना क्षेत्र के कौवाबांध स्थित ब्लैक डायमंड हार्ड कोक भट्ठा में ट्रक लोडिंग कराने गए थे। 22 दिसंबर को शाम 5:30 बजे पत्नी से हुई थी बात लोडिंग का काम खत्म होने के बाद शाम करीब 5 बजे वे गाड़ी के कागजात देने की बात कहकर भट्ठा परिसर से बाहर निकले। वे भट्ठा से कुछ ही दूरी पर स्थित एक साइबर कैफे में प्रिंटआउट निकालने गए थे। इसी दौरान शाम लगभग 5:30 बजे उनकी पत्नी बबीता देवी से अंतिम बार मोबाइल पर बातचीत हुई थी। इसके बाद उनका मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गया। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। उनकी बाइक आज भी ब्लैक डायमंड हार्ड कोक भट्ठा परिसर में खड़ी बताई जा रही है। इस संबंध में पत्नी ने गोविंदपुर थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। भाई ने की निष्पक्ष जांच की मांग गुरुवार की सुबह कालाडीह पुलिया के नीचे पानी में एक अज्ञात शव दिखाई देने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची गोविंदपुर थाना पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया, जिसकी पहचान सुबोध कुमार सिन्हा के रूप में की गई। मृतक के भाई प्रमोद कुमार सिन्हा ने हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। शव को कब्जे में लेकर धनबाद के एसएनएमएमसीएच अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। -संजय कुमार, एएसआई, गोविंदपुर थाना


