धनबाद के निरसा क्षेत्र के बरबिंदिया नदी घाट में रविवार शाम नहाने के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय धनु रवानी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, धनु रवानी रविवार शाम अपने दोस्तों के साथ नदी किनारे पार्टी करने गए थे। नहाते समय वह गहरे पानी में चले गए और डूब गए। घटना का चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि धनु के साथ मौजूद दोस्त उन्हें बचाने के बजाय मौके से भाग निकले। वे खाने-पीने की सामग्री वहीं छोड़कर फरार हो गए और परिवार को घटना की सूचना भी नहीं दी। बाद में, किसी अन्य व्यक्ति के माध्यम से हादसे की जानकारी परिजनों तक पहुंची। अंधेरा होने के कारण शव की तलाश सफल नहीं हो सकी थी इसके बाद धनु की पत्नी तुलसी रवानी ने एमपीएल ओपी (आउटपोस्ट) पहुंचकर प्रभारी सुमन कुमारी को लिखित आवेदन सौंपा। रविवार रात अंधेरा होने के कारण शव की तलाश सफल नहीं हो सकी। सोमवार सुबह पुलिस टीम दोबारा नदी घाट पहुंची और सघन तलाशी अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद सोमवार सुबह धनु रवानी का शव नदी से बरामद किया गया। शव मिलते ही परिजनों में मातम छा गया। धनु अपने पीछे एक पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं। स्थानीय लोगों ने इस मामले की गहन जांच और धनु के साथ आए दोस्तों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


