धनबाद में प्रकृति पर्व सरहुल का आयोजन पूरे जिले में धूमधाम से किया जा रहा है। पुलिस लाइन में केंद्रीय सरना समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में डीसी माधवी मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम में सिटी एसपी अजीत कुमार, ट्रैफिक डीएसपी समेत कई पुलिस अधिकारी और जवान अपने परिवार के साथ मौजूद रहे। मुख्य अतिथि का स्वागत मांदर की थाप पर पारंपरिक नृत्य के साथ किया गया। नाचते-गाते सरना स्थल तक पहुंचे लोग महिलाएं और पुरुष पारंपरिक वेशभूषा में ढोल, मांदर और नगाड़े की थाप पर नाचते-गाते सरना स्थल तक पहुंचे। कार्यक्रम स्थल पर सभी अधिकारियों का स्वागत गमछा और पौधा भेंट कर किया गया। केंद्रीय सरना समिति हर साल सरहुल पर्व पर इस तरह का आयोजन करती है। आदिवासी समुदाय के लिए यह पर्व विशेष महत्व रखता है। सरहुल का अर्थ जंगल और पानी का संरक्षण है। कई समुदायों के लिए यह नए वर्ष की शुरुआत का भी प्रतीक है।


