भास्कर न्यूज | जालंधर आईवीआई स्कूल में मंगलवार को शहर के अग्रवाल समाज के प्रमुख लोग जुटे। यहां अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन पंजाब ने नई कार्यकारिणी का गठन किया। इसमें पूरे पंजाब से विभिन्न यूनिट से 78 डेलीगेट शामिल हुए। इस दौरान जालंधर की ईकाई के पदाधिकारियों की घोषणा भी की गई। जालंधर के प्रधान पद की जिम्मेदारी धनीराम गुप्ता को दी गई है। वह कई वर्षों से व्यापारियों के मुद्दों से जुड़े हैं। व्यापार मंडल में महत्वपूर्ण सेवाएं देने के लिए जाने जाते हैं। जबकि जनरल सेक्रेटरी पद की जिम्मेदारी संजय गुप्ता को दी गई है। वह करतार फार्म इंडस्ट्री एसोसिएशन के प्रधान हैं। बहरहाल, बैठक में सबसे पहले महाराजा अग्रसेन जी की स्वर्ण जयंती के समारोहों को लेकर चर्चा हुई। समारोह को भव्य बनाने के लिए लुधियाना, जालंधर, मलेरकोटला, फिरोजपुर, बटाला, मछीवाड़ा, गुरदासपुर, जीरा, लहरागागा, होशियारपुर, मोहाली से आए विभिन्न इकाइयों के पदाधिकारियों ने चर्चा में हिस्सा लिया। सभी ने अपने सुझाव दिए। संगठन की महिला विंग और यूथ विंग ने मिलकर यह संकल्प लिया कि महाराजा अग्रसेन की स्वर्ण जयंती को पूरे पंजाब में अभूतपूर्व तरीके से मनाया जाएगा। इस दौरान अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन पंजाब के अध्यक्ष मनमोहन मित्तल ने बताया कि कृत्रिम अंग वितरण शिविर 26, 27, 28 को होशियारपुर के संजीवनी शरणम् इनडोर स्टेडियम के सामने लगाया जाएगा। पहले लोगों के नाप लिए जाएंगे। फिर अंग वितरण होगा। ये सेवा लोगों को नि:शुल्क रहेगी। इससे पहले जालंधर के रेड क्रॉस भवन में कैंप लगाया गया था। बैठक में संगठन की जालंधर का ईकाई का भी गठन किया गया है। इसमें धनीराम गुप्ता को प्रधान और संजय गुप्ता को जनरल सेक्रेटरी चुनने के अलावा पंकज गुप्ता कोषाध्यक्ष चुने गए। जबकि महिला विंग में नीतू बंसल को अध्यक्ष, अर्चना गुप्ता को उपाध्यक्ष, अंकिता जी को सचिव चुना गया है। इन्होंने लिया बैठक में हिस्सा संगठन के प्रदेश महामंत्री अशोक अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरीश गोयल, महिला विंग प्रदेश अध्यक्ष सिमरन अग्रवाल, युवा विंग प्रदेश अध्यक्ष संजय जिंदल, सीनियर वाइस प्रेसिडेंट राकेश सिंगला, लुधियाना अध्यक्ष राकेश गर्ग, होशियारपुर से अलका नागौरी एवं अनिल नागौरी, बटाला से नितिन अग्रवाल एवं ऋषि अग्रवाल, फिरोजपुर से अशोक कुमार गुप्ता तथा जालंधर से हरीश गुप्ता, संजीव बंसल, दीपक अग्रवाल शामिल रहे। इस मीटिंग में चंडीगढ़ से आए हुए इवेंट मैनेजर सुरजीत, नेकराम और सुनील इन लोगों का खास योगदान रहा। जयंती के लिए इन्होंने बेहद उत्साह और बेहद जोश के साथ काम करने का आश्वासन दिया।


