धन-धन हमारे भाग घर आया पीर मेरा….

भास्कर न्यूज | लुधियाना मॉडल टाउन एक्सटेंशन स्थित अमर शहीद बाबा दीप सिंह गुरुद्वारा साहिब में बाबा दीप सिंह जी का पावन जन्मदिवस मनाया गया। सुबह से देर रात तक लाखों की संख्या में संगत गुरुद्वारा साहिब में नतमस्तक हुई। पूरे इलाके में धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला। गुरुद्वारा साहिब परिसर और आसपास के क्षेत्रों में संगत की ओर से 100 से अधिक लंगर के स्टाल लगाए गए थे। चरणजीत सिंह चन्नी द्वारा चाप-कुलचा का लंगर लगाया गया, वहीं मनप्रीत कौर ने पाव-भाजी का लंगर संगत को वितरित किया। हरमीत कौर की ओर से खीर और जलेबी का लंगर लगाया गया, जबकि परमजीत सिंह ने छोले-कुलचे का लंगर लगाया। इस पावन अवसर पर श्री दरबार साहिब के हजूरी रागी जत्थे और प्रसिद्ध कथा वाचक ज्ञानी पिंदर पाल सिंह ने कथा के माध्यम से संगत को गुरबाणी से जोड़ा। उनके मुखारविंद से निकली कथा और कीर्तन ने संगत को भाव-विभोर कर दिया। संगत की ओर से आतिशबाजी भी की गई और बोले सो निहाल, सत श्री अकाल के जयकारे लगाए गए। इस धार्मिक समागम में आत्म नगर के विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू ने भी सेवा निभाई। कीर्तन समागम के दौरान गुरुद्वारा कमेटी के सदस्य सुरिंदर पाल सिंह बिंद्रा, सुखविंदर पाल सिंह सरना, नवप्रीत सिंह बिंद्रा और हरप्रीत सिंह राजधानी ने सभी रागी जत्थों को सिरोपा डालकर सम्मानित किया। इसके अलावा विशेष रूप से माता विपन प्रीत कौर, ज्ञानी जगतार सिंह, सिंह साहिब ज्ञानी राजदीप सिंह और विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू को भी सम्मानित किया गया। पूरी रात गुरुद्वारा साहिब में धन-धन बाबा दीप सिंह जी तेरी जय होवे का सिमरन चलता रहा। संगत ने धन-धन हमारे भाग घर आया पीर मेरा और लख खुशियां पातशाइयां जे सतगुरु नदर करे जैसे पावन शबदों का सिमरन कर आत्मिक आनंद प्राप्त किया। रात को संगत ने मिलकर दीप माला भी की। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के जनरल सेक्रेटरी सुखविंदर पाल सिंह सरना और हरप्रीत सिंह राजधानी नवप्रीत सिंह बिंद्रा माता विपनप्रीत कौर को सम्मानित करते हुए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *